
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। धार तक ट्रेन पहुंचने की प्रतीक्षा अब अंतिम चरण में है। टीही से धार के बीच 47 किमी लंबे नए रेलखंड पर कमिश्नर ऑफ रेलवे सेफ्टी (सीआरएस) का निरीक्षण और गति परीक्षण पूरा होने के बाद अब रेलवे को आधिकारिक पत्र की प्रतीक्षा है। रेलवे के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार निरीक्षण के बाद सीआरएस ने भी संतुष्टि जताई थी।
ऐसे में ट्रैक, ट्रेन और यात्री तैयार हैं, लेकिन हरी झंडी की प्रतीक्षा है। अगले कुछ दिनों में आधिकारिक पत्र आने की उम्मीद है। इसके बाद ही इस रेलखंड पर ट्रेन संचालन की प्रक्रिया आगे बढ़ सकेगी।
इस हिस्से में विद्युत रेल इंजन चलाने के लिए पश्चिम रेलवे मुख्यालय से पहले ही अनुमति मिल चुकी है। यानी विद्युतीकरण और इलेक्ट्रिक इंजन संचालन की तैयारी पूरी है। अब केवल सीआरएस की अंतिम स्वीकृति की प्रतीक्षा है। सीआरएस की अनुमति मिलने के बाद रेलवे बोर्ड को इसकी जानकारी भेजी जाएगी। इसके बाद रेलखंड के शुभारंभ की संभावना है। इसके बाद आजादी के बाद पहली बार धार शहर तक यात्री ट्रेन पहुंचने का रास्ता खुलेगा।
टनल का निर्माण पूरा होने के बाद रेलवे ने 26 अक्टूबर को पहली बार इस हिस्से में टावर वैगन का ट्रायल किया था। इसके बाद रेलवे ने आठ दिन तक टीही से धार के बीच अलग-अलग चरणों में ट्रायल किए। पहले डीजल इंजन और फिर विद्युत इंजन से ट्रायल किया गया। इस दौरान नवनिर्मित रेल लाइन पर बने पुलों, रेलवे ट्रैक, ओवरहेड इक्विपमेंट (ओएचई), सिग्नलिंग प्रणाली एवं अन्य संरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का बारीकी से परीक्षण किया गया। इसके बाद 130 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गति परीक्षण भी किया गया।
ट्रायल की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पश्चिम परिमंडल के रेल संरक्षा आयुक्त ई. श्रीनिवास ने पांच और छह नवंबर को रेलखंड का निरीक्षण किया। पहले दिन टीही से गुणावद और दूसरे दिन गुणावद से धार तक ट्रॉली से निरीक्षण किया। इसमें पुल, ट्रैक, सिग्नलिंग सिस्टम, ओवरहेड इक्विपमेंट और करीब तीन किमी लंबी टीही टनल की व्यवस्थाओं को जांचा गया। छह नवंबर को विशेष निरीक्षण यान से गति निरीक्षण किया गया।
सीआरएस का आधिकारिक पत्र मिलने के बाद पश्चिम रेलवे इसकी जानकारी रेलवे बोर्ड को भेजेगा। इसके बाद उद्घाटन और ट्रेन संचालन को लेकर निर्णय होगा। हालांकि उद्घाटन और नियमित ट्रेन संचालन की तारीख अभी आधिकारिक रूप से घोषित नहीं हुई है।
यह भी पढ़ें- कटनी में 12 करोड़ की चोरी... कोलकाता से पकड़ा गया बदमाश, गहने लेकर भागे साथियों की तलाश जारी