
नईदुनिया प्रतिनिधि, कटनी। माधवनगर के किसना ज्वेलर्स में सनसनीखेज करोड़ों की चोरी के मामले में पुलिस के हाथ एक आरोपित लगा है। पुलिस ने झारखंड के गिरोह के एक सदस्य को पश्चिम बंगाल की राजधानी से पकड़ा है और कटनी लेकर आई है। न्यायालय में पेश करते हुए उसे रिमांड पर लिया है और पूछताछ कर रही है, हालांकि आरोपित के पास से पुलिस को चोरी के डायमंड व सोने के गहने नहीं मिले हैं। गहने लेकर गिरोह के कौन सदस्य फरार हुए हैं और किस ओर गए हैं, इसकी जानकारी आरोपित से पुलिस जुटा रही है।
जानकारी के अनुसार किसना ज्वेलर्स में 12 करोड़ रुपये से अधिक की चोरी के मामले में जांच के दौरान पुलिस ने शहर के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की थी। जिसमें आरोपित ऑटो से स्टेशन की ओर जाते दिखे थे और वहां से सतना की ओर की ट्रेन में बैठकर भागे। इस बीच शहर में चोरी से पहले उन्होंने रेकी की थी और एक होटल में आकर ठहरे भी थे।
शोरूम में चोरी के सामने आए सीसीटीवी फुटेज में एक आरोपित कैद हुआ था और उस दौरान उसके हाथ में मोबाइल था। इस आधार पर साइबर टीम को सक्रिय किया गया और मोबाइल के आधार पर पुलिस की एक टीम आरोपित को खोजते हुए पश्चिम बंगाल पहुंची, जहां कोलकाता से घेराबंदी कर झारखंड निवासी बदरुद्दीन खान को पकड़ा है। पुलिस शनिवार की रात को उसको कटनी लेकर आई।
आरोपित बदरुद्दीन खान को कटनी लाने के बाद पुलिस ने रविवार को जिला न्यायालय में पेश किया और पूछताछ के लिए रिमांड मांगी। न्यायालय ने आरोपित की आठ दिन की रिमांड दी है। बताया जाता है कि आरोपित के पास से पुलिस को शोरूम से चोरी किए गए गहने आदि नहीं मिले हैं।
डायमंड व गोल्ड के जेवर लेकर गिरोह के दूसरे सदस्य भागे हैं और उनकी तलाश भी पुलिस कर रही है, हालांकि आरोपित के संबंध में पुलिस द्वारा कोई खुलासा नहीं किया गया है, सिर्फ एक आरोपित के पकड़े जाने की बात ही कही है। पकड़े गए आरोपित को रिमांड पर लेने के बाद उससे पूछताछ की जा रही है और उम्मीद है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा पुलिस करेगी।
पुलिस ने आरोपितों के संबंध में जानकारी जुटाने के साथ ही शहर के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही होटल व लॉज में पूछताछ कर उनके दस्तावेज देखे हैं। जिसमें सामने आया कि स्टेशन के नजदीक सब्जी मंडी के पास स्थित गणपति प्लाजा में चार आरोपित 10 नवंबर को आकर ठहरे थे। उसमें से दो ने अपनी आईडी जमा की थी।
पुलिस को मिले फुटेज में यह भी सामने आया है कि घटना को अंजाम देने से पहले उन्होंने किसना ज्वेलर्स ही नहीं बल्कि शहर के अन्य शोरूमों की भी रेकी की थी और उसके बाद योजना बनाकर किसना शोरूम में पहाड़ी की ओर से दीवार में सेंध लगाई और करोड़ों के जेवर ले उड़े थे। पुलिस की टीमें अन्य आरोपितों की तलाश में झारखंड और प्रयागराज में भी डेरा डाले हुए हैं।
यह भी पढ़ें- विदिशा में कांग्रेस कार्यकर्ता जला रहे थे सीएम का पुतला, रोकने पर कांस्टेबल का हाथ झुलसा, 4 नेताओं को जेल
शोरूम में चोरी के मामले में पुलिस की टीमें शहर सहित दूसरे प्रदेशों में भेजी गई हैं, जो आरोपितों की तलाश कर रही हैं। एक आरोपित को पकड़ा गया है और उसको रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है। जल्द ही अन्य आरोपितों को भी पकड़ा जाएगा और मामले का खुलासा करेंगे। - अभिनय विश्वकर्मा, पुलिस अधीक्षक