_m.webp)
नईदुनिया प्रतिनिधि, धार। धार की ऐतिहासिक भोजशाला में बुधवार को फिर धार्मिक आस्था, इतिहास और आंदोलन की गूंज सुनाई दी। हिंदू फ्रंट फॉर जस्टिस की राष्ट्रीय अध्यक्ष रंजना अग्निहोत्री ने भोजशाला में मां वाग्देवी के प्रतीकात्मक स्वरूप का पूजन किया। फिर वह थोड़ी ही दूर स्थित विजय कीर्ति मंदिर पहुंचीं। यहां गर्भगृह, स्तंभों और प्राचीन आकृतियों का निरीक्षण किया और इसकी मुक्ति का अभियान चलाने की घोषणा की।
बता दें, धार स्थित विजय कीर्ति मंदिर को राजा भोज की विजय स्मृति से जोड़कर देखा जाता है। समय के साथ यह स्थल लाट मस्जिद या स्तंभ मस्जिद के नाम से पहचाना जाने लगा। यहां मंदिर पक्ष को वर्ष में केवल दशहरे के दूसरे दिन पूजा की अनुमति मिलती है, जबकि मस्जिद पक्ष दोनों ईद पर नमाज पढ़ता है। यह परिसर स्वतंत्रता के पहले से ही भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) की निगरानी में है। पूजा और नमाज की व्यवस्था भी तभी से है।
'नईदुनिया' से चर्चा में रंजना अग्निहोत्री ने कहा कि अब आंदोलन का अगला केंद्र विजय कीर्ति मंदिर होगा। उन्होंने इसे भोजशाला की स्थापत्य परंपरा का हिस्सा बताया। यह दावा किया कि यहां के स्तंभ, खंभे, कमल अष्टदल की नक्काशी और शिल्प शैली भोजशाला से काफी समानता रखती है।
विजय कीर्ति मंदिर को लेकर आगामी छह माह में नई कानूनी और वैचारिक रणनीति तैयार की जाएगी। यदि यहां वैज्ञानिक सर्वे कराया जाए तो कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं। राजा भोज की अधिष्ठात्री देवी मां सरस्वती थीं और इस मंदिर के गर्भगृह में भी देवी की स्थापना रही होगी। उन्होंने कहा कि अब भोजशाला धीरे-धीरे अपने पुराने वैभव की ओर लौट रही है।
विजय मंदिर भले ही एएसआई के अभिलेखों में लाट मस्जिद के नाम से दर्ज है लेकिन इसकी वास्तुकला और निर्माण शैली परमारकालीन मानी जाती है। इतिहासकारों के अनुसार यह मूल रूप से विजय कीर्ति मंदिर या सूर्य मंदिर रहा होगा। परिसर में आज भी भगवान वराह की आकृतियां, प्राचीन शिल्प और कमल आधारित नक्काशी दिखाई देती है, जिन्हें मंदिर स्थापत्य से जोड़ा जाता है।
मान्यता है कि राजा भोज ने तेलंगाना क्षेत्र में विजय प्राप्त करने के बाद यहां विजय स्मारक के रूप में विशाल लौह स्तंभ स्थापित करवाया था। यह स्तंभ लगभग 40 से 45 फीट ऊंचा बताया जाता है, जो वर्तमान में तीन टुकड़ों में परिसर में मौजूद है। उस दौर में बड़े युद्धों में विजय के बाद स्मृति और पराक्रम के प्रतीक स्वरूप ऐसे स्तंभ स्थापित करने की परंपरा थी। इसी वजह से इसे विजय कीर्ति मंदिर के नाम से भी पहचान मिली थी।
यह भी पढ़ें- एमपी में नौतपा का टॉर्चर... खजुराहो-नौगांव में पारा 46.6 डिग्री पहुंचा, पन्ना-छतरपुर में रेड अलर्ट