
अरविंद दुबे, नईदुनिया, इंदौर। आज स्वच्छता के राष्ट्रीय मंच पर इंदौर का प्रदर्शन उम्मीदों के अनुरूप नहीं रहा। पुरस्कारों की दौड़ में पीछे रहने के बीच शहर के अतीत के पन्ने एक अलग कहानी सामने रखते हैं। यह कहानी बताती है कि इंदौर में स्वच्छता केवल आधुनिक अभियानों या पुरस्कारों की देन नहीं है, बल्कि इसकी संस्थागत शुरुआत 130 साल से भी पहले हो चुकी थी। जून 1892 में होलकर रियासत की इंदौर म्युनिसिपल कमेटी ने सफाई व्यवस्था और सफाईकर्मियों की मजदूरी को लेकर बाकायदा एक सर्कुलर जारी किया था।
इतिहासकार जफर अंसारी के अनुसार 23 जून 1892 को जारी म्युनिसिपालिटी के सर्कुलर नंबर-9 में शहर की सड़कों पर झाड़ू लगाने, नालियों की सफाई करने और कचरा एकत्र करने की व्यवस्था का उल्लेख है। दस्तावेज की सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि इसमें स्वीकार किया गया है कि उस समय मेहतर समुदाय से ये काम तो लिए जाते थे, लेकिन इसके बदले उन्हें कोई मजदूरी नहीं मिलती थी। इसी स्थिति को बदलने के लिए नगर पालिका ने घरों के शौचालयों की संख्या के आधार पर सफाई की मजदूरी तय करने का निर्णय लिया था।
मूल दस्तावेज मराठी भाषा में है। होलकर रियासत में प्रशासनिक कामकाज की प्रमुख भाषा मराठी थी। इस पर तत्कालीन प्रेसिडेंट म्युनिसिपल कमेटी बालकृष्ण आत्माराम गुप्ते के हस्ताक्षर हैं। दस्तावेज के अंग्रेजी शीर्षक में भी स्पष्ट किया गया है कि इसका उद्देश्य मेहतरों के पारिश्रमिक और सड़कों तथा नालियों की सफाई की जिम्मेदारी निर्धारित करना था।
सर्कुलर के अनुसार सन् 1302 (फसली) से प्रत्येक घर में शौचालयों की संख्या और सफाई की व्यवस्था के आधार पर मासिक भुगतान तय किया गया था। एक घर में तीन शौचालय और दो बार सफाई की व्यवस्था होने पर नौ आने प्रतिमाह देने का उदाहरण भी दर्ज है। वहीं अनाज और अफीम रखने वाले गोदामों के लिए चार आने प्रतिमाह का अलग शुल्क निर्धारित किया गया था। इस तरह सफाई के काम को पहली बार निर्धारित भुगतान और प्रशासनिक नियमों से जोड़ने का प्रयास दिखाई देता है।
इंदौर के इतिहास का दूसरा महत्वपूर्ण पक्ष महाराजा यशवंत राव होलकर द्वितीय के शासनकाल से जुड़ा है। जफर अंसारी म्यूजियम में उस दौर के एक सफाईकर्मी का दुर्लभ चित्र भी सुरक्षित है। विवरण के अनुसार होलकर शासन में वंचित समाज के उत्थान, शिक्षा और सामाजिक समानता के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए गए थे। सफाईकर्मी समाज को रियासत के सरकारी कुओं से पानी भरने, मंदिरों में प्रवेश करने और महिलाओं को सोने-चांदी के आभूषण पहनने का अधिकार देने से जुड़े नियम भी बनाए गए थे।
यह भी पढ़ें- इस बार 12500 नहीं, 10500 अंकों का हुआ था स्वच्छ सर्वेक्षण; इसलिए पिछड़ा इंदौर
आज जब इंदौर स्वच्छता के राष्ट्रीय मानकों पर अपनी स्थिति को लेकर समीक्षा के दौर से गुजर रहा है, तब ये ऐतिहासिक दस्तावेज शहर को अपनी विरासत की याद दिलाते हैं। इंदौर की स्वच्छता यात्रा को केवल पुरस्कारों और रैंकिंग से नहीं समझा जा सकता। इसकी असली विरासत उन व्यवस्थाओं, सुधारों और सफाईकर्मियों के योगदान में भी छिपी है, जिन्होंने इस शहर की स्वच्छता की नींव रखी। मौजूदा परिणामों के बाद होने वाली समीक्षा में इस विरासत को याद करना भी जरूरी है।