
नईदुनिया प्रतिनिधि, धार। मध्य प्रदेश के अन्नदाताओं के लिए राज्य सरकार ने बड़ी राहत भरी घोषणा करते हुए फसल बीमा दावा राशि का अंतरण कर दिया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने धार जिले के सरदारपुर में आयोजित एक भव्य जनसभा के दौरान सिंगल क्लिक के जरिए 'प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना' (PMFBY) के तहत 317.86 करोड़ रुपये की राशि सीधे किसानों के खातों में अंतरित की।
रबी फसल सत्र 2025-26 के अंतर्गत लाभान्वित होने वाले प्रदेश के लगभग 16.70 लाख पात्र कृषकों को यह वित्तीय संबल डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) प्रणाली के माध्यम से प्राप्त हुआ है।
प्राकृतिक प्रकोप, बेमौसम बारिश अथवा सूखे जैसी विपरीत परिस्थितियों के कारण जब फसलों को भारी नुकसान पहुंचता है, तब किसानों को गंभीर आर्थिक संकट का सामना करना पड़ता है। ऐसे नाजुक दौर में बीमा दावों का समय पर भुगतान किसानों को न केवल कर्ज के बोझ से बचाता है, बल्कि उन्हें अगली बुआई, खाद, बीज तथा अन्य कृषि इनपुट्स की व्यवस्था करने का भरोसा भी देता है। योजना के प्रावधानों के अनुरूप अधिसूचित फसलों को विभिन्न प्राकृतिक जोखिमों से सुरक्षा प्रदान की जाती है, ताकि खेती का चक्र बिना किसी रुकावट के जारी रह सके।
यह भी पढ़ें- बिजली उपभोक्ताओं को डिजिटल तोहफा, भोपाल में लगे 5 लाख से अधिक स्मार्ट मीटर, 16 जिलों में संख्या 13.20 लाख के पार
राज्य शासन ने पारदर्शिता सुनिश्चित करते हुए पूरी प्रक्रिया को डिजिटल माध्यम से संचालित किया है। सरदारपुर के मंच से जारी इस राशि से प्रदेशभर के लाखों किसान परिवारों को सीधा लाभ मिला है। फसल नुकसान के विधिवत सर्वेक्षण और पारदर्शी आकलन के आधार पर स्वीकृत यह दावा राशि पात्र किसानों को खेती-किसानी से जुड़े जरूरी खर्चों से उबारने में कारगर साबित होगी।