
नईदुनिया न्यूज, बाग (धार) : अल्पवर्षा के कारण सूखे पड़े तालाबों में अब नर्मदा का पानी पहुंचने लगा है। बाग क्षेत्र से गुजर रही नर्मदा-झाबुआ-सरदारपुर माइक्रो इरिगेशन योजना की मुख्य पाइप लाइन की टेस्टिंग के दौरान स्कोर वॉल्व खोलकर पानी छोड़ा जा रहा है।
इससे वाणदा, बांकी और कांटी क्षेत्र के कई तालाबों में पानी भर गया है। लंबे समय से खाली पड़े तालाबों में जलसंचय होने से किसानों को सिंचाई के लिए पानी मिलने की उम्मीद जगी है। वहीं मवेशियों के लिए पानी और ग्रामीणों की पेयजल समस्या में भी राहत मिल सकती है।
भाजपा मंडल बाग अध्यक्ष सुरेश सिसोदिया ने जनविश्वास अभियान के दौरान संभागायुक्त के सामने क्षेत्र के तालाबों तक नर्मदा का पानी पहुंचाने की मांग रखी थी। उन्होंने एनवीडीए परियोजना और निर्माण एजेंसी के अधिकारियों को भी जलसंकट की स्थिति से अवगत कराया था। सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत के बाद अधिकारियों ने पानी छोड़ने पर सहमति दी। इसके बाद नर्मदा विकास प्राधिकरण के निर्देश पर निर्माण एजेंसी ने मुख्य पाइपलाइन के स्कोर वाल्व खोलकर पानी छोड़ना शुरू किया।
शुक्रवार को वाणदा के मेहड़ा फलिया और बयड़ी फलिया में दो वाल्व खोले गए। इससे गांव के दो छोटे तालाब भर गए। सुरेश सिसोदिया ने बताया कि यहां से पानी घूमिया, बोरकुई और पीपरियापानी तक पहुंचेगा। इससे आसपास के गांवों को भी लाभ मिलने की उम्मीद है।
कांटी के पूर्व सरपंच सदन भाई ने बताया कि कांटी और बांकी की सीमा पर वाल्व खोलने से बांकी तालाब भर गया है। यहां से पानी आगर और देवधा तालाब तक भी पहुंचा। वहीं, पाड़ाबांधा में तीन दिन से पानी छोड़े जाने के कारण कांटी का निस्तार तालाब भी भर गया है। गेट्टा का सिंचाई तालाब आगामी दो-तीन दिनों में भरने की उम्मीद है। इससे गेट्टा और आधे बड़बच्छ क्षेत्र की नहरों में पानी पहुंच सकेगा।
ग्राम पाडल्या में एयर वाल्व से छेड़छाड़ किए जाने के बाद निर्माण एजेंसी ने पानी की आपूर्ति बंद कर दी है। सरपंच जामसिंह बघेल के अनुसार एजेंसी ने इस मामले में पुलिस में शिकायत की है। अधिकारियों ने बताया कि झाबुआ लाइन पर मरम्मत का काम चल रहा है। फिलहाल वाणदा और कांटी क्षेत्र में तीन दिन तक पानी छोड़ा जाएगा। क्रियान्वयन एजेंसी के अधिकारी के मुताबिक झाबुआ जिले में योजना शुरू होने के बाद यहां के वाल्व आगामी तीन से चार दिनों में बंद कर दिए जाएंगे।
यह भी पढ़ें- इंदौर में खुदाई के दौरान फूटी नर्मदा पाइप लाइन, गहरे गड्ढे में भरा पानी, तीसरी बार सप्लाई प्रभावित