
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। अंबिकापुरी एक्सटेंशन में 60 फीट रोड के पास मकान निर्माण के लिए की जा रही खोदाई के दौरान नर्मदा की पाइप लाइन फूट गई। इसके बाद क्षेत्रों पानी की सप्लाई बाधित हो गई। रहवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
उनका कहना है कि इसके पहले भी क्षेत्र की पाइप लाइनें फूट चुकी हैं। जिस जगह यह लाइन फूटी है वही पास से गैस लाइन भी जा रही है। लाइन फूटने की सूचना मिलने पर नगर निगम की टीम सुधार के लिए पहुंची। बताया जा रहा है कि जिस जगह लाइन फूटी है वह शासकीय जमीन है।
रहवासियों ने आरोप लगाया कि जमीन बगीचे की है। यहां अवंतिका गैस की हाई प्रेशर पाइप लाइन का चेतावनी बोर्ड भी लगा है। बावजूद इसके खोदाई चल रही है। शनिवार को मशीन से खोदाई के दौरान पास से गुजर रही पाइप लाइन फूट गई। इससे गड्ढे में पानी भरा गया। जल संकट की आशंका के बीच नर्मदा पाइप लाइन फूटने से रहवासी आक्रोशित हैं।
रहवासी एडवोकेट प्रमोद द्विवेदी ने बताया कि जिस जगह लाइन फूटी है वहां आसपास पहले भी खोदाई के दौरान लाइन फूट चुकी है। पहली बार जब लाइन टूटी थी तो सुधार काम करवा लिया गया था। रहवासियों का आरोप है कि क्षेत्र में लगातार निर्माण हो रहा है। भारी वाहनों की आवाजाही भी लगातार चलती रहती है। इसके चलते बार-बार लाइन फूट जाती है।
रहवासी आदिति जैन ने बताया कि बार-बार लाइन फूटने से क्षेत्र में जलसंकट की स्थति बन रही है। पहले भी ऐसा हो चुका है। जिस जगह लाइन फूटी है वहां जमीन के नीचे से सीएनजी और नर्मदा की बड़ी पाइपलाइन गुजर रही है। इसी के ऊपर निर्माण किया जा रहा है। खोदाई वाले स्थान पर अवंतिका गैस की हाई प्रेशर पाइप लाइन का चेतावनी बोर्ड भी लगा है। रहवासियों का कहना है कि इस बोर्ड को जानबूझकर ढक दिया गया है।