
नईदुनिया प्रतिनिधि, धार : शहर के त्रिमूर्ति चौराहे के समीप शनिवार दोपहर करीब डेढ़ बजे एक कार शोरूम से कर्मचारी का दिनदहाड़े अपहरण कर लिया गया। बदमाशों ने पहले फोन कर वाहन चेक कराने के बहाने कर्मचारी को बाहर बुलाया और फिर जबरदस्ती अपनी जीप में बैठाकर ले गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मोर्चा संभाला। तीन थानों की पांच टीमों ने घेराबंदी कर वाहन और मोबाइल नंबर की लोकेशन ट्रेस की और महज दो घंटे में नालछा क्षेत्र से चारों अपहरणकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने कर्मचारी आकाश ग्रेवाल को भी सकुशल छुड़ा लिया।
प्रारंभिक जांच में अपहरण की वजह मुख्य आरोपित अर्जुन ग्रेवाल को अपनी पत्नी और आकाश के बीच बातचीत होने का शक बताया जा रहा है। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है।
इस संबंध में सीएसपी योगेंद्र सिंह भदौरिया ने बताया कि आकाश ग्रेवाल ग्राम तलवाड़ा क्षेत्र का निवासी है और धार के कार शोरूम में टेक्नीशियन का काम करता है। शनिवार को वह शोरूम में काम कर रहा था। इसी दौरान मुख्य आरोपित अर्जुन ग्रेवाल ने बाहर बुलाया। जैसे ही आकाश बाहर आया, अर्जुन अपने तीन साथियों अरविंद, रूपसिंह और लव के साथ उसे जबरदस्ती जीप में बैठाकर ले गया।
चारों आरोपित नालछा थाना क्षेत्र के ग्राम काकलवा के निवासी हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अर्जुन को शक था कि उसकी पत्नी की आकाश से बातचीत होती है। इसी शक के चलते उसने साथियों के साथ मिलकर अपहरण की वारदात को अंजाम दिया।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस ने शोरूम संचालक और कर्मचारियों से पूछताछ की। इसके बाद सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों की तलाश शुरू की गई। मामले में तीन थानों की पांच टीमें गठित की गईं। इनमें साइबर सेल की टीम भी शामिल थी।
पुलिस ने अपहरण में इस्तेमाल वाहन के नंबर और आकाश के मोबाइल नंबर ट्रेस किए। तकनीकी जांच में नालछा क्षेत्र की लोकेशन मिलने पर पुलिस ने घेराबंदी की। पुलिस टीम ने नालछा क्षेत्र में वाहन सहित चारों आरोपितों को पकड़ लिया और आकाश को सकुशल बरामद कर लिया।
यह भी पढ़ें- आदिवासी नाबालिग छात्रा और युवती को बहलाकर दिल्ली ले जा रहे थे आरोपी, सतर्क स्वजनों ने रायगढ़ में दबोचा