
नईदुनिया न्यूज, बदनावर। जिले में नर्मदा जल पहुंचाने को लेकर नई परियोजनाओं की सौगात मिल रही है, लेकिन बदनावर और धार तहसील के 127 गांवों के किसानों का इंतजार आठ साल बाद भी खत्म नहीं हुआ है। वर्ष 2018 में स्वीकृत हुई बदनावर माइक्रो लिफ्ट सिंचाई परियोजना की समय-सीमा तीन बार आगे बढ़ चुकी है। परियोजना की धीमी रफ्तार का मुद्दा पिछले कुछ वर्षों में विधानसभा में भी कई बार उठ चुका है। वर्ष 2024 में पूरा होने वाला काम पहले 2026 और अब अक्टूबर 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
निर्माण में देरी का असर लागत पर भी पड़ा है। शुरुआती 1521 करोड़ रुपये की परियोजना अब 1953 करोड़ रुपये की हो गई है। यानी आठ साल में लागत 432 करोड़ रुपये बढ़ गई। बदनावर परियोजना को अब अक्टूबर 2027 तक पूरा करने का नया लक्ष्य तय किया गया है। इस बीच मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जिले में महज 23 दिनों के अंतराल में नर्मदा आधारित दो परियोजनाओं का लोकार्पण कर चुके हैं।
इस महत्वाकांक्षी परियोजना को वर्ष 2018 में कोटेश्वर में स्वीकृति मिली थी। इसके बाद 27 सितंबर 2020 को भूमिपूजन किया गया। परियोजना के तहत बदनावर क्षेत्र के 102 और धार तहसील के 25 गांवों सहित कुल 127 गांवों में लगभग 50 हजार हेक्टेयर भूमि सिंचित करने का प्रस्ताव है। परियोजना के माध्यम से बदनावर और धार तहसील के गांवों तक नर्मदा जल पहुंचाने की योजना बनाई गई।
इसमें नहरों के माध्यम से पानी बहाकर खेतों तक पहुंचाने के बजाय मोटरों से नर्मदा नदी का पानी ऊंचाई वाले क्षेत्रों तक लिफ्ट किया जाएगा। इसके बाद पाइपलाइन के नेटवर्क से किसानों के खेतों तक सिंचाई के लिए पानी पहुंचाने की व्यवस्था रहेगी। अब किसानों को अक्टूबर 2027 तक नर्मदा का पानी खेतों तक पहुंचने की उम्मीद है।
परियोजना का इंटेक पॉइंट नर्मदा नदी पर ग्राम महापुरा तहसील मनावर में बनाया गया है। यहां से 16.02 क्यूमेक पानी पंपिंग के जरिए ऊंचाई वाले क्षेत्रों तक पहुंचाया जाएगा। इसके लिए महापुरा, केरदा, लटामली, कुआं और सुरादेवी में पांच पंप हाउस बनाए जा रहे हैं। इनमें लटामली को छोड़कर शेष पंप हाउस का काम करीब 80 से 90 प्रतिशत तक पूरा होने की जानकारी है।
परियोजना में करीब 60.20 किलोमीटर लंबी मुख्य पाइपलाइन बिछाई जानी है। इसके अलावा 9.70 किलोमीटर की दूसरी पाइपलाइन का भी प्रावधान है। फिलहाल पंप फिटिंग सहित कुछ कार्य शेष हैं। उपलब्ध प्रगति के अनुसार बदनावर क्षेत्र में करीब 90 प्रतिशत और पंप हाउस निर्माण का काम लगभग 85 प्रतिशत पूरा हो चुका है। मुख्य पाइपलाइन का काम धार क्षेत्र के साथ सुरादेवी और टवलाई सहित अन्य इलाकों में भी जारी है।
जिले में नर्मदा जल आधारित परियोजनाओं को लेकर 23 दिनों के भीतर दो बड़ी सौगातें मिली हैं। 24 अक्टूबर को 2387 करोड़ रुपये की नर्मदा-झाबुआ-पेटलावद-थांदला-सरदारपुर माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना का लोकार्पण हुआ, जिससे धार और झाबुआ जिलों के 260 गांवों की 57,422 हेक्टेयर भूमि को लाभ मिलेगा। वहीं 16 नवंबर को 1353 करोड़ रुपये की डही माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना का लोकार्पण किया गया, इससे मालवा-निमाड़ के 126 गांव लाभान्वित होंगे। इन दो परियोजनाओं के लोकार्पण के बीच बदनावर और धार तहसील के 127 गांवों के किसान अब भी वर्ष 2018 में स्वीकृत माइक्रो लिफ्ट सिंचाई परियोजना के पूरा होने की राह देख रहे हैं।
यह भी पढ़ें- नर्मदा-माही परियोजना से वंचित होने पर झाबुआ के खवासा क्षेत्र में लोगों में आक्रोश, बंद रखा बाजार
नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण के एसडीओ मोतीराम कीर के अनुसार बदनावर क्षेत्र में परियोजना का करीब 90 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। वहीं सीनियर इंजीनियर सक्षम शर्मा ने बताया कि पंप हाउस निर्माण का करीब 85 प्रतिशत कार्य पूरा हो गया है। मुख्य पाइपलाइन बिछाने का काम धार क्षेत्र के साथ सुरादेवी और टवलाई सहित अन्य क्षेत्रों में तेजी से चल रहा है। शेष निर्माण कार्य भी निर्धारित समय-सीमा में पूरा कर लिया जाएगा।
पूर्व कैबिनेट मंत्री राजवर्धनसिंह दत्तीगांव ने मुख्यमंत्री के डही आगमन पर बदनावर माइक्रो लिफ्ट सिंचाई परियोजना को लेकर 11 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा। इसमें निर्माण कार्य में तेजी लाकर वर्ष 2027 तक परियोजना पूरी करने, छूटे हुए गांवों को योजना में शामिल करने तथा दूरस्थ क्षेत्रों के किसानों के खेतों तक पानी पहुंचाने की व्यवस्था करने की मांग की। साथ ही पाइपलाइन, वितरण नेटवर्क और किसानवार जल वितरण सुनिश्चित करने तथा परियोजना की जिला एवं संभाग स्तर पर नियमित समीक्षा करने का आग्रह किया।