
नईदुनिया प्रतिनिधि, धार। गेहूं की बोवनी हो चुकी है, लेकिन सिंचाई के लिए नर्मदा का पानी अब तक 66 गांवों में नहीं पहुंचा। फसल सूखने का खतरा मंडराने लगा है और किसान दफ्तरों के चक्कर काटने को मजबूर हैं। इसी बेबसी को विरोध का प्रतीक बनाकर गुरुवार को राजगढ़ से कुछ किसान हाथ, पैर और गले में जंजीरें बांधकर धार के लिए पैदल निकले थे।
करीब 48 किमी का रास्ता 16 घंटे 30 मिनट तक पैदल चलकर शुक्रवार दोपहर 2:30 बजे कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। यहां धरने पर बैठकर उन्होंने कहा कि खेतों को पानी मिलने तक आंदोलन नहीं रुकेगा। जंजीरों में जकड़े किसानों का ये प्रदर्शन प्रशासन का ध्यान नर्मदा सिंचाई परियोजना की बदहाल व्यवस्थाओं की ओर खींचने की कोशिश थी।
धार पहुंचने पर डिप्टी कलेक्टर सलोनी अग्रवाल किसानों की बात सुनने पहुंचीं, लेकिन उन्होंने कलेक्टर के सामने ही समस्याएं रखने की बात कही। इसके बाद शाम को एसडीएम राजकुमार हलदर पहुंचे और उन्होंने किसानों की मांगें सुनीं और कलेक्टर तक उनकी मांगें पहुंचाने का आश्वासन दिया। इसके बाद वे माने और धरने से उठे और अपने गंतव्य की ओर लौटे।
यह भी पढ़ें- भैरूंदा में 536 करोड़ की सीप-अंबर सिंचाई परियोजना का लोकार्पण, 76 गांवों को मिलेगा नर्मदा का पानी
भारतीय किसान यूनियन संघ के जिलाध्यक्ष राकेश सोलंकी ने बताया कि एक माह पहले सरदारपुर में माही नदी के तट पर जल सत्याग्रह किया था। तब प्रशासन ने 66 गांवों के किसानों को पानी उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया था, लेकिन नर्मदा का पानी नहीं पहुंचा।
किसान अंकित जाट ने बताया कि सरदारपुर में टेंट लगाकर धरने की अनुमति मांगी थी, लेकिन वहां से हटा दिया गया और कार्रवाई की बात कही गई। इसके विरोध में जंजीरें पहनकर धार आने का निर्णय लिया। किसानों ने मांग की कि नर्मदा परियोजना से छूटे गांवों को जोड़ा जाए, लीकेज ठीक कर खेतों तक नियमित पानी पहुंचाया जाए और सूखा घोषित कर प्रभावित किसानों को राहत राशि दी जाए।