भैरूंदा में 536 करोड़ की सीप-अंबर सिंचाई परियोजना का लोकार्पण, 76 गांवों को मिलेगा नर्मदा का पानी
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भैरूंदा में सीप-अंबर सिंचाई परियोजना के फेज-1 और फेज-2 का लोकार्पण किया। इससे 76 गांवों को नर्मदा का पानी मिलेगा।
Publish Date: Fri, 27 Nov 2026 01:45:38 PM (IST)Updated Date: Fri, 27 Nov 2026 01:45:38 PM (IST)
भैरूंदा में मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव और केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सीप-अंबर सिंचाई परियोजना का लोकार्पण किया। नईदुनिया।।HighLights
- भैरूंदा में 536.23 करोड़ की परियोजना का लोकार्पण
- CM डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दी सौगात
- जिले सहित आसपास के 76 गांवों को नर्मदा का पानी मिलेगा
नईदुनिया प्रतिनिधि, सीहोर। भैरूंदा के दशहरा मैदान में मुख्यमंत्री डा मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार के लिए यह वर्ष कृषि कल्याण का वर्ष है। किसानों की समृद्धि और कृषि क्षेत्र के विकास के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है।
इसी दिशा में शुक्रवार को सीहोर जिले के भैरूंदा में मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव और केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 536.23 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित सीप-अंबर सिंचाई परियोजना के फेज-1 और फेज-2 का लोकार्पण किया।
इस परियोजना से भैरूंदा विकासखंड के 76 गांवों के किसानों को नर्मदा नदी का पानी सिंचाई के लिए उपलब्ध हो सकेगा। परियोजना के माध्यम से कुल 30 हजार 91 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही कार्यक्रम में 41.44 करोड़ रुपये की लागत के विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी किया गया।
76 गांवों की बदलेगी खेती की तस्वीर
सीप-अंबर सिंचाई परियोजना को दो चरणों में तैयार किया गया है। फेज-1 के अंतर्गत 47 गांवों की 15 हजार 284 हेक्टेयर भूमि को सिंचाई सुविधा मिलेगी, जबकि फेज-2 में 29 गांवों की 14 हजार 807 हेक्टेयर भूमि लाभान्वित होगी। इस तरह दोनों चरणों से कुल 76 गांवों के किसानों को लाभ मिलेगा।
भूमिगत पाइपलाइन से खेतों तक पहुंचेगा पानी
परियोजना की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें पारंपरिक खुली नहरों के स्थान पर भूमिगत दबावयुक्त पाइपलाइन के माध्यम से नर्मदा नदी का पानी खेतों तक पहुंचाया जाएगा। इससे पानी के रिसाव और वाष्पीकरण से होने वाली बर्बादी कम होगी। किसान स्प्रिंकलर और ड्रिप जैसी आधुनिक सिंचाई पद्धतियों का उपयोग कर सकेंगे।
किसानों को समय पर पानी मिलने की रहेगी चुनौती
536 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से तैयार इस परियोजना से क्षेत्र के किसानों को सिंचाई के लिए स्थायी सुविधा मिलने की उम्मीद है। इससे खेती का रकबा बढ़ाने, फसल उत्पादन में सुधार और कृषि आधारित अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने की संभावना है।
परियोजना एक नजर में
कुल लागत : 536.23 करोड़ रुपये
लाभान्वित गांव : 76
कुल सिंचाई रकबा : 30,091 हेक्टेयर
फेज-1 : 47 गांव, 15,284 हेक्टेयर
फेज-2 : 29 गांव, 14,807 हेक्टेयर
अन्य विकास कार्य : 41.44 करोड़ रुपये