
नईदुनिया प्रतिनिधि, धार। जिला अस्पताल के बर्थ वेटिंग रूम में शनिवार सुबह उस समय हंगामा हो गया, जब ड्यूटी पर पहुंची महिला सफाईकर्मी ने प्रतिबंधित वार्ड में मौजूद पुरुषों को बाहर जाने के लिए कहा। इस बात से नाराज होकर वहां मौजूद लोगों ने महिला कर्मचारी के साथ कथित तौर पर गाली-गलौज और मारपीट कर दी।
करीब आधे घंटे तक चले विवाद के दौरान महिला कर्मचारी के बाल खींचे गए और गला पकड़कर थप्पड़ मारने का भी आरोप है। घटना के दौरान वार्ड में मौजूद नर्सिंग स्टाफ और अन्य कर्मचारियों ने हस्तक्षेप कर महिला कर्मचारी को छुड़ाया।
इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और एक आरोपी को हिरासत में लेकर थाने ले गई। घटना के विरोध में महिला सफाईकर्मी के साथ अस्पताल के सभी सफाईकर्मी और महिला गार्ड भी कोतवाली थाने पहुंचे। यहां पर प्रकरण दर्ज करवाया और आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए मारपीट करने वाले आरोपित को जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को गायत्री पति रोशन निवासी ग्राम मारोल को तीन माह की गर्भावस्था के दौरान अत्यधिक रक्तस्राव की समस्या हुई थी। इसके चलते स्वजन उन्हें धार जिला अस्पताल लेकर पहुंचे थे, जहां डॉक्टरों ने हाई रिस्क प्रेग्नेंसी को देखते हुए बर्थ वेटिंग रूम में भर्ती किया था। शनिवार सुबह करीब 8:30 बजे महिला सफाईकर्मी कविता मुनिया बर्थ वेटिंग रूम में सफाई के लिए पहुंचीं। ये वार्ड हाई रिस्क प्रेग्नेंसी वाली गर्भवती महिलाओं के लिए निर्धारित है, जहां पुरुषों का प्रवेश प्रतिबंधित है।
इसके बावजूद भर्ती गायत्री के बेड पर उसके भाई गोकुल व स्वजन बैठे हुए थे। कर्मचारी कविता ने गोकुल को वार्ड के नियम बताते हुए बाहर जाने और बेड से उठने के लिए कहा। इसी बात पर विवाद शुरू हो गया। फिर गोकुल ने मेरे साथ गाली-गलौज और अभद्रता शुरू कर दी। मेरे विरोध करने पर उसके अन्य स्वजन भी विवाद में शामिल हो गए। एक महिला ने मेरे बाल खींचे और धक्का-मुक्की की, जबकि गोकुल ने थप्पड़ मारा और गला पकड़ लिया। इससे गले पर नाखून के निशान भी आए हैं।
सिविल सर्जन डॉ. मुकुंद बर्मन ने बताया कि गर्भवती महिलाओं के लिए निर्धारित वार्ड पुरुषों के प्रवेश के लिए प्रतिबंधित है। वहां महिला गार्ड की तैनाती भी की गई है, लेकिन कई बार मरीजों के स्वजन रोकने के बावजूद अंदर प्रवेश कर जाते हैं। शनिवार को भी पुरुषों का वार्ड में जाना और बेड पर बैठना अनुचित था। महिला सफाईकर्मी ने अपनी ड्यूटी निभाते हुए उन्हें बाहर जाने के लिए कहा था। उनके साथ किया गया व्यवहार गलत है।
उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए वार्ड में पुरुष गार्ड की तैनाती की जाएगी। साथ ही पास व्यवस्था लागू होगी, ताकि अधिकृत महिला स्वजन को ही प्रवेश मिल सके। अस्पताल प्रबंधन एसपी से पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाने की मांग भी करेगा, जिससे अस्पताल में अनावश्यक विवाद और अव्यवस्था की स्थिति पर नियंत्रण किया जा सके।
यह भी पढ़ें- रेलवे का बड़ा फैसला, छठ के बाद भीड़ को देखते हुए चलेंगी विशेष ट्रेनें, कई ट्रेनों के बढ़ाए अतिरिक्त फेरे