_m.webp)
नईदुनिया प्रतिनिधि, बदनावर। नगर परिषद के वार्ड क्रमांक सात स्थित गणेश वडली मोहल्ले में रविवार को अवैध शराब पीने से 30 से अधिक लोगों के बीमार होने की खबर फैलते ही पुलिस और आबकारी विभाग में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें मोहल्ले में पहुंचीं और अवैध शराब बिक्री के ठिकानों पर तलाशी शुरू की, लेकिन मौके पर न तो शराब बेचने वाले मिले और न ही कथित रूप से बीमार हुए लोगों के बारे में स्पष्ट जानकारी मिल सकी।
जानकारी के अनुसार अवैध शराब पीने के बाद कुछ लोगों को उल्टी-दस्त और खुजली की शिकायत होने की बात सामने आई थी। सूत्रों के मुताबिक कुछ लोगों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल भी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।
हालांकि 30 से अधिक लोगों के प्रभावित होने की खबर के बावजूद मोहल्ले के अधिकांश लोग इस बारे में कुछ भी बताने से बचते रहे। बीमार होने की खबरों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी।
पुलिस को सूचना मिलने के बाद गणेश वडली मोहल्ले के अलग-अलग हिस्सों में तलाशी और पूछताछ की गई। मोहल्ले में अवैध शराब बिक्री की जानकारी तो मिली, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही कथित विक्रेता गायब हो गए। बताया जाता है कि यहां लंबे समय से अवैध शराब के साथ हाथ भट्टी से बनी देसी शराब का कारोबार चल रहा है। समय-समय पर पुलिस और आबकारी विभाग कार्रवाई कर प्रकरण भी दर्ज करते हैं, लेकिन इसके बावजूद इस पर स्थायी रोक नहीं लग पाई है।
स्थानीय स्तर पर चिंता केवल अवैध शराब तक सीमित नहीं है। शहर के पेटलावद रोड, जेल रोड, इंदिरा गार्डन, एकवीरा रोड, वारको सिटी, बड़ी चौपाटी ब्रिज और गोकुलधाम सोसायटी सहित कई स्थानों पर मादक पदार्थों की अवैध बिक्री की शिकायतें भी सामने आती रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ लोग बाहर से आकर छोटी-छोटी पुड़ियों में नशे का सामान बेचते हैं। कम मात्रा में बिक्री होने के कारण ऐसे मामलों में कार्रवाई करना भी चुनौतीपूर्ण हो जाता है।
यह भी पढ़ें- खरगोन के इस गांव में 19 दिन बाद हुआ रावण दहन, जमीन विवाद के चलते अड़े थे ग्रामीण, ऐसे हुआ फैसला