
नईदुनिया प्रतिनिधि, खरगोन। ग्राम छोटी कसरावद में जमीन विवाद के चलते इस बार दशहरे पर रावण दहन नहीं हो पाया था। ग्रामीणों ने आखिरकार 19 दिन के इंतजार के बाद दीपावली की रात रविवार को ढोल-ताशों व आतिशबाजी के बीच 25 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया। इस दौरान गांव में दशहरे व दीपावली का उत्साह एक साथ नजर आया।
रावण दहन के साथ ही पूरा क्षेत्र जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा। दीपावली के पर्व पर रावण दहन देखने बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे। श्री सांवरिया ग्रुप की ओर से भगवान श्रीराम व लक्ष्मण की आकर्षक झांकी सजाई गई। वहीं नवगठित दशहरा मैदान बचाओ समिति के माध्यम से रावण दहन का आयोजन किया गया। उल्लेखनीय है कि इससे पहले ग्राम पंचायत द्वारा रावण का पुतला तैयार करवाकर दहन कार्यक्रम आयोजित किया जाता था।
दरअसल 20 अक्टूबर को दशहरे पर पारंपरिक स्थल पर रावण दहन होना था, लेकिन दहन स्थल की निजी जमीन को लेकर विवाद की स्थिति बन गई। प्रशासन ने निजी जमीन होने से अन्य स्थान पर रावण दहन करने के निर्देश दिए थे। इस पर ग्रामीणों ने विरोध जताते हुए पारंपरिक स्थल पर ही आयोजन कराने की मांग की। विवाद के चलते दशहरे पर रावण दहन नहीं हो सका था।
मामले में एसडीएम अनिल जैन व थाना प्रभारी इंद्रेश त्रिपाठी ने ग्रामीणों को समझाइश भी दी थी, लेकिन ग्रामीण अपने पारंपरिक स्थल पर ही रावण दहन कराने की मांग पर अड़े रहे। इसके बाद 19 दिनों तक रावण दहन का इंतजार करना पड़ा। दीपावली की रात रावण दहन के साथ ही दीपों की रोशनी, आतिशबाजी व जय श्रीराम के जयघोष के बीच गांव में उत्सव का माहौल रहा।
यह भी पढ़ें- एमपी में ठगों के जाल से बच रहे ₹100 करोड़, पीड़ितों को वापस मिलेगी राशि, इस साल ठगे गए थे 308 करोड़