
नईदुनिया प्रतिनिधि, सरदारपुर (धार)। बीमार बेटे के इलाज के लिए रुपये मांगना पत्नी को भारी पड़ गया। सरदारपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बाण्डीखाली में पति राजेश मंडोर ने विवाद के दौरान पत्नी सन्नूबाई को दीवार पर पटक दिया और नीचे गिरने के बाद उसके पेट व सीने पर पैर से प्रहार किए। गंभीर चोटों के कारण महिला की मौत हो गई। घटना के बाद आरोपित ने पत्नी के बाइक से गिरकर घायल होने की कहानी बताकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में मामला हत्या का निकला।
पुलिस ने आरोपित राजेश मंडोर के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। न्यायालय में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया। घटना 16 अक्टूबर की है। सन्नूबाई ने लकवे से पीड़ित बेटे साहिल के उपचार के लिए पति राजेश मंडोर से रुपये मांगे थे। पति ने रुपये नहीं होने की बात कही, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद हो गया। पुलिस जांच के अनुसार गुस्से में राजेश ने सन्नूबाई को पीछे से पकड़कर दीवार पर दे मारा।
वह गिर गई, तो आरोपित ने उसके पेट और सीने पर पैरों से प्रहार किए। गंभीर चोट लगने से महिला बेहोश हो गई। घटना के बाद आरोपित और एक अन्य व्यक्ति महिला को राजगढ़ के निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। शुरुआत में पति ने पुलिस को बताया कि सन्नूबाई बाइक से गिरकर घायल हुई थी। हालांकि मामले में संदेह होने पर पुलिस ने घटनाक्रम की जांच शुरू की।
यह भी पढ़ें- हत्या को 'हार्ट अटैक' बताने की शातिर साजिश बेनकाब, मुंगेली पुलिस ने दबोचा कातिल प्रेमी, सनसनीखेज खुलासे
जांच के दौरान पुलिस ने गवाहों के बयान, तकनीकी साक्ष्य और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर घटनाक्रम की पड़ताल की। पोस्टमार्टम में महिला का लिवर और तिल्ली फटने की बात सामने आई। आंतरिक रक्तस्राव के कारण उसकी मौत हुई थी। चोटों की प्रकृति और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच आगे बढ़ाई, जिसमें पति की भूमिका सामने आई। एसआइ जेसी निनामा ने बताया कि आरोपित राजेश मंडोर को गिरफ्तार किया। उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया।