
नईदुनिया प्रतिनिधि, धार। जिले की कृषि उपज मंडी में इन दिनों सोयाबीन की बंपर आवक हो रही है। इससे मंडी पीले सोने से दमक रही है। वहीं नवंबर के इन 20 दिनों में से कई दिनों तक मंडी में अवकाश रहा, इस कारण से सही तरीके से पटरी पर कार्य नहीं लौट पा रहा था। कभी छुट्टी तो कभी मंडी खुलना, इस तरह का सिलसिला चल रहा था।
लेकिन अब किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए अनावश्यक इंतजार न करना पड़े और कृषि उपज मंडी की व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित होती रहें, इसके लिए कृषि उपज मंडी समिति धार ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है।
अब मंडी में प्रत्येक शनिवार को नीलामी कार्य जारी रहेगा। इतना ही नहीं, शासकीय एवं सामान्य अवकाशों में भी अधिकांश दिनों में मंडी का नीलामी कार्य नियमित रूप से संचालित किया जाएगा। गुरुवार को भी करीब दस हजार क्विंटल की आवक हुई।
मध्यप्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड के निर्देशों के पालन में ये निर्णय लिया गया। इस संबंध में कृषि उपज मंडी समिति धार के कार्यालय में किसान संघ, अनाज-दलहन-तिलहन व्यापारी एसोसिएशन तथा हम्माल-तुलावटी संघ के पदाधिकारियों एवं सदस्यों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में किसान संघ के पदाधिकारी मौजूद रहे।
वहीं व्यापारी एसोसिएशन की ओर से अध्यक्ष अनंतकुमार अग्रवाल एवं सचिव मुकेश राठोर तथा हम्माल-तुलावटी संघ की ओर से मुन्नालाल एवं हरिओम ने सहभागिता की। बैठक में सभी पक्षों ने किसानों की सुविधा और मंडी संचालन को लेकर विचार-विमर्श किया। चर्चा के बाद आपसी सहमति से तय किया गया कि प्रत्येक शनिवार को नीलामी कार्य चालू रहेगा तथा शासकीय एवं सामान्य अवकाश के अधिकांश दिनों में भी कृषि उपज की नीलामी की जाएगी।
यह भी पढ़ें- ऑनलाइन रिकॉर्ड में बड़ी गड़बड़ी, धान बेचने को भटक रहे बेलतरा के किसान, कांग्रेस ने किया प्रदर्शन
अवकाश के दिनों में उपज बेचने वाले किसानों के भुगतान को लेकर भी व्यवस्था तय की गई है। इसके तहत व्यापारी अपनी सुविधानुसार किसानों को कुछ राशि नकद देंगे, जबकि शेष संपूर्ण भुगतान अगले कार्य दिवस अथवा बैंक खुलने वाले दिन शाम तक कर दिया जाएगा। इस निर्णय से किसानों को उपज विक्रय के लिए अधिक अवसर मिलेंगे और मंडी में कामकाज की निरंतरता बनी रहेगी।