
नईदुनिया न्यूज, केसूर (धार) : दाऊदी बोहरा समाज के 53वें धर्मगुरु डा. सैयदना मुफद्दल सैफुद्दीन साहब के सोमवार को धार जिले के केसूर आगमन पर श्रद्धा और उत्साह का माहौल रहा। अपने धर्मगुरु की एक झलक पाने और उनके दीदार के लिए केसूर में हजारों की संख्या में दाऊदी बोहरा समाज के महिला, पुरुष और बच्चे पहुंचे। धर्मगुरु के आगमन को लेकर समाजजन में विशेष उत्साह दिखाई दिया।
डॉ. सैयदना मुफद्दल सैफुद्दीन इंदौर विमानतल से देपालपुर होते हुए केसूर पहुंचे। यहां बोहरा समाज की मस्जिद में उनके प्रवचन का आयोजन रखा गया था। इसमें देपालपुर, गौतमपुरा, इंदौर, बदनावर, बड़नगर, धार और उज्जैन सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए। सैयदना साहब दाई अल-मुतलक के रूप में दाऊदी बोहरा समाज का आध्यात्मिक मार्गदर्शन कर रहे हैं।
केसूर पहुंचने पर समाजजन ने पारंपरिक उत्साह के साथ धर्मगुरु की अगवानी की। समाज के बैंड ने सुमधुर धुनों की प्रस्तुति देकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इस दौरान धर्मगुरु केसूर में समाज के कुछ सदस्यों के निवास पर भी पहुंचे और उन्हें आशीर्वाद प्रदान किया।
अपने धर्मगुरु को अपने बीच पाकर समाजजन भावविभोर नजर आए। धर्मगुरु के आगमन को देखते हुए सुरक्षा के भी व्यापक इंतजाम किए गए थे। समाज के सुरक्षा गार्डों के साथ धार जिला पुलिस बल और धर्मगुरु की सुरक्षा में तैनात जवान भी मौजूद रहे। हजारों की संख्या में पहुंचे समाजजन के बीच अपने धर्मगुरु के दीदार को लेकर खासा उत्साह रहा। प्रत्येक व्यक्ति उनकी एक झलक पाकर स्वयं को धन्य महसूस कर रहा था। केसूर में पूरे समय श्रद्धा, आस्था और उल्लास का वातावरण बना रहा। केसूर प्रवास के बाद धर्मगुरु उज्जैन के लिए रवाना हुए।
यह भी पढ़ें- मौला के दीदार के लिए गिरते पानी में उमड़े समाजजन