
नईदुनिया प्रतिनिधि, धार। मनावर थाना क्षेत्र के एक गांव में बच्चों को मोबाइल पर अश्लील वीडियो दिखाने और उन्हें अनुचित गतिविधियों के लिए उकसाने का मामला सामने आया है। ग्रामीण की शिकायत पर पुलिस ने गांव के ही किशोर के खिलाफ शनिवार को प्रकरण दर्ज किया है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि अपचारी किशोर डेढ़ वर्ष से 14-15 वर्ष के बच्चों को अपने पास बुलाता था।
इस दौरान उन्हें मोबाइल फोन पर अश्लील वीडियो दिखाए जाते थे और कथित तौर पर वैसी ही अनुचित हरकतें करने के लिए प्रेरित किया जाता था। शिकायत में बच्चों को प्रेम का इजहार करने सहित अन्य अनुचित गतिविधियों के लिए उकसाने का आरोप भी लगाया गया है।
थाना प्रभारी राजेश यादव ने बताया कि बच्चों को मोबाइल फोन के माध्यम से अनुचित वीडियो दिखाए जाने की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की गई है। संबंधित नाबालिग और उसके स्वजन को थाने बुलाकर समझाइश दी जाएगी। इसके बाद प्रकरण में नियमानुसार कार्रवाई करते हुए संबंधित नाबालिग को किशोर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
यह भी पढ़ें- एमपी के सरकारी कर्मचारियों के प्रमोशन की राह आसान... इसी साल फिर मिलेगा प्रमोशन, DPC की तैयारी शुरू