नईदुनिया प्रतिनिधि, धार। जिला अस्पताल में भर्ती महिला के साथ दुष्कर्म की घटना सामने आई है। आरोपित अस्पताल में पर्ची बनाने का काम करता था और महिला को उसके पति के पास छोड़ने के बहाने साथ ले गया और एक मकान में ले जाकर दुष्कर्म किया। धमकी दी कि अगर किसी को बताया तो जान से मार देगा। घटना के बाद महिला की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज किया और आरोपित रोहित को गिरफ्तार कर लिया है।
महिला को करीब 15 दिन पहले उसे छिपकली ने काट लिया था, जिसके बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती किया गया। पांच दिन इलाज के बाद वह ठीक होकर घर चली गई, लेकिन कुछ दिनों बाद फिर से तबीयत बिगड़ने पर उसे दोबारा भर्ती किया गया। अस्पताल में उसकी जान-पहचान पर्ची काउंटर पर काम करने वाले रोहित नाम युवक से हुई। सोमवार रात करीब 11 बजे महिला का पति नाश्ता लेने बाहर गया था। उस समय महिला को नींद नहीं आ रही थी, इसलिए वह वार्ड के बाहर गलियारे में टहल रही थी। नर्स ने उसे सलाह दी कि अगली जांच के लिए ओपीडी पर्ची बनवा ले।
जब महिला पर्ची बनवाने पहुंची, तो वहां रोहित मिला। उसने कहा कि वह उसे उसके पति के पास छोड़ देगा। महिला उसकी बातों में आकर बाइक पर बैठ गई, लेकिन रोहित उसे सीधे उसके पति के पास न ले जाकर एक मकान पर ले गया। जब महिला ने पूछा कि वह उसे कहां लेकर आया है, तो रोहित ने कहा कि यह उसका घर है और पहले पानी पी लो, फिर छोड़ दूंगा।
जैसे ही महिला घर में घुसी, रोहित ने दरवाजा बंद कर दिया और दुष्कर्म किया। विरोध करने पर उसने महिला को और उसके पति को जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद रोहित ने महिला को फिर से अस्पताल में लाकर छोड़ दिया।
महिला ने जब यह बात अपने पति को बताई, तो दोनों ने मिलकर पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करवाई। थाना प्रभारी समीर पाटीदार ने बताया कि महिला के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया हैं। साथ ही आरोपित को भी गिरफ्तार कर लिया है। आगे की जांच की जा रही है।