
नईदुनिया प्रतिनिधि, धार-डही। बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर रविवार को राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस का राज्य स्तरीय समारोह धार जिले के डही में आयोजित किया गया। इस अवसर पर राज्यपाल मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव ने धार जिले को 1570 करोड़ रुपये से अधिक लागत के 115 विकास कार्यों की सौगात दी।
समारोह में 1353 करोड़ रुपये की लागत से तैयार डही माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना का भी लोकार्पण किया गया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वर्चुअली कार्यक्रम से जुड़े और संबोधित किया। डही माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना से धार और आलीराजपुर जिले के 126 गांवों की लगभग 47 हजार हेक्टेयर कृषि भूमि को नर्मदा जल मिलेगा।
इससे दोनों जिलों के करीब 1.26 लाख किसानों को लाभ होगा। इसमें धार जिले के 84 और आलीराजपुर के 42 गांव शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि मां नर्मदा के आशीर्वाद से मालवा-निमाड़ में एक लाख हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई की सुविधा उपलब्ध होगी। सरकार गांवों तक पानी पहुंचाकर खेती को समृद्ध बनाने का काम कर रही है। सिंचाई सुविधा से किसान एक से अधिक फसल ले सकेंगे।
खेती के साथ रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और आजीविका के लिए पलायन की मजबूरी कम होगी। उन्होंने कहा कि टंट्या मामा के नाम पर खरगोन में विश्वविद्यालय बनाने की पहल की गई है। भगोरिया को राष्ट्रीय पर्व के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया है।
धार में पीएम मित्र पार्क से छह लाख से अधिक कपास उत्पादक किसानों को लाभ मिलेगा और स्थानीय स्तर पर तीन लाख से अधिक रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है। उन्होंने सरदारपुर में 2500 करोड़ रुपये से अधिक की पाइपलाइन परियोजना का भी उल्लेख किया।
यह भी पढ़ें- महू में 26 हेक्टेयर में बनी कामधेनु गोशाला का लोकार्पण कर सीएम ने 5 करोड़ रुपये और देने की घोषणा की
जनजातीय गौरव दिवस पर जोबट में मुख्यमंत्री ने 57.33 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण व भूमिपूजन किया। आलीराजपुर जिले में कम वर्षा से प्रभावित किसानों के लिए तत्काल सर्वे के निर्देश दिए। नए कपिलधारा कुओं की मंजूरी के साथ पुराने कुओं, बावड़ियों और तालाबों के गहरीकरण की घोषणा की। नर्मदा लिंक से भाटा बांध में भी पानी पहुंचाया जाएगा।