
नईदुनिया प्रतिनिधि, धार : भोजशाला में शुक्रवार को सनातनी योद्धा नाजिया इलाही खान ने हनुमान चालीसा का पाठ किया। उन्होंने मां वाग्देवी की स्तुति कर आरती की और यज्ञ कुंड में आहुति दी। इस दौरान उन्होंने धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं और हिंदू समाज को संबोधित करते हुए भोजशाला के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की। भोज मुक्ति यज्ञ समिति के पदाधिकारियों ने उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया।
नाजिया इलाही खान ने कहा कि भोजशाला में दर्शन करने के बाद ऐसा महसूस होता है, जैसे ज्ञान की देवी मां सरस्वती वाग्देवी को प्रणाम कर जीवन धन्य हो गया हो।उन्होंने कहा कि जब भी किसी मंदिर को तोड़ा गया होगा और वहां सर्वे होगा, तो हिंदू देवी-देवताओं की मूर्तियां मिलेंगी। भोजशाला मंदिर था, मंदिर है और मंदिर रहेगा।
नाजिया इलाही खान ने कहा कि वे पेशे से वकील हैं और जहां भी हिंदू समाज को उनकी जरूरत होगी, वे साथ खड़ी रहेंगी। उन्होंने कहा कि सनातनी महिलाएं डरने वाली नहीं हैं। दिल्ली पहुंचने के बाद वे राष्ट्रपति को पत्र लिखकर राजा भोज की नगरी धार स्थित मां वाग्देवी की प्रतिमा, जो लंदन के संग्रहालय में है, उसे जल्द धार लाने की प्रक्रिया शुरू करने का अनुरोध करेंगी। साथ ही भोजशाला के विषय में भी विस्तृत चर्चा करेंगी।
नाजिया इलाही खान ने कहा, "कोई मुस्लिम लड़की, जो भारत की नारी है, क्या वह भोजशाला मां वाग्देवी के मंदिर में दर्शन करने नहीं आ सकती? हम सनातनी नारियां डरने वाली नहीं हैं। मैं हिंदू समाज के साथ हूं। हमने एक ही गूंज दी थी, एक ही हुंकार दी थी- काशी, मथुरा और राम मंदिर। कुछ जयचंदों और चाटुकारों के कारण हिंदू राष्ट्र अपमानित हो रहा है। उन्होंने कहा कि भोजशाला की पहली सीढ़ी पार करते ही उन्होंने मंदिर में शीश झुकाया तो उन्हें विशेष अनुभूति हुई और शरीर के रोंगटे खड़े हो गए। भोजशाला का परिचय जानने के बाद वे पूरे विश्वास के साथ कह सकती हैं कि यह मां सरस्वती का मंदिर है और था।
भोजशाला पहुंचने पर समिति की महिलाओं ने नाजिया इलाही खान का स्वागत किया। भोज मुक्ति यज्ञ के संयोजक गोपाल शर्मा ने तिलक लगाकर और भगवा दुपट्टा पहनाकर अभिनंदन किया। इसके बाद उन्हें भोजशाला के दर्शन कराए गए और सत्याग्रहियों तथा भोजशाला के इतिहास के बारे में जानकारी दी गई।
इस अवसर पर सौरभ शर्मा, भोज मुक्ति यज्ञ के संयोजक गोपाल शर्मा, अध्यक्ष सुरेश चंद्र जलोदिया, महाप्रबंधक हेमंत दोराया, महामंत्री सुमित चौधरी, संरक्षक विश्वास पांडे, राजेश शुक्ला, श्रीश दुबे, राजाभव भदाने, श्याम मालवा, श्याम नायकउपस्थित रहे। जानकारी समिति के मीडिया प्रमुख मोहन राठौर ने दी।
यह भी पढ़ें- भोजशाला में सड़क पर नमाज पढ़ने के लिए बिछा रहे थे बरसाती, प्रशासन ने रोका, फिर गूंजा हनुमान चालीसा का पाठ