
नईदुनिया न्यूज, धरमपुरी। जेल में आरोपितों को छोड़कर लौट रही पुलिस की थाना मोबाइल गांव में पहुंचते ही विवाद में घिर गई। मोटरसाइकिल से टक्कर के बाद अचानक 5-6 लोग सामने से दौड़ते हुए आए और सरकारी वाहन पर हमला कर दिया। वाहन के कांच फोड़ दिए, जमकर तोड़फोड़ की और चाबी निकालकर ले जाने लगे।
चालक सैनिक ने रोकने की कोशिश की तो उसके साथ भी मारपीट कर दी। घटना में सैनिक की बाईं आंख के ऊपर, सिर और छाती में चोट आई है। उक्त मामला धरमपुरी थाना क्षेत्र के पिपल्दागढ़ी गांव का है।
पुलिस के अनुसार, सैनिक देवेंद्र सिंह पंवार थाना मोबाइल क्रमांक एमपी 03 ए 8743 चला रहे थे। 9 अक्टूबर को वे मंडलेश्वर जेल में आरोपितों को दाखिल कराने के बाद सहायक उपनिरीक्षक शेरुकुमार सांवले के साथ धरमपुरी लौट रहे थे। शाम करीब 7:30 बजे कृष्णा राजपूत के मकान के सामने आगे चल रही बाइक क्रमांक एमपी 10 झेटबी 1822 के चालक ने अचानक गति कम कर दी। इससे थाना मोबाइल मोटरसाइकिल से टकरा गई।
टक्कर के बाद मौके पर पहुंचे 5-6 लोगों ने वाहन में तोड़फोड़ शुरू कर दी। आरोप है कि उन्होंने वाहन की चाबी निकालकर ले जाने की कोशिश की। सैनिक देवेंद्र सिंह ने उन्हें रोकना चाहा तो उनके साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की गई। घटना में सरकारी वाहन को नुकसान पहुंचाने के साथ शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने का भी आरोप है।
यह भी पढ़ें- एमपी में बेअसर साबित हो रहा ITMS, ई-चालान के ₹65 करोड़ में से सिर्फ ₹8 करोड़ की वसूली, 85% वाहन चालक बेफिक्र
फरियादी की रिपोर्ट पर धरमपुरी पुलिस ने 10 अक्टूबर की रात 12:25 बजे अज्ञात लोगों के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 324(4), 132 और 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज किया है।