
नईदुनिया प्रतिनिधि, धार। धरमपुरी-मांडू मार्ग पर ग्राम तारापुर के समीप रविवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। गिट्टी खदान के पास तेज रफ्तार मारुति ईको कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतरने के बाद पलट गई।
हादसे में कार सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों की मदद शुरू की।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मारुति ईको कार धरमपुरी से मांडू की ओर जा रही थी। इसी दौरान ग्राम तारापुर के समीप गिट्टी खदान के पास चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसा इतना गंभीर था कि कार में सवार तीन लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही धरमपुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया और उपचार के लिए धामनोद के शासकीय अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं, मृतकों के शव धरमपुरी अस्पताल लाए गए। हादसे की जानकारी मिलने पर क्षेत्र में शोक का माहौल बन गया।
यह भी पढ़ें- एमपी में RTI कानून की बदहाली, 71% आवेदकों को नहीं मिली जानकारी, इंदौर-भोपाल में सबसे ज्यादा पेंडेंसी
मृतकों की पहचान विक्की पिता दिनेश, भुरेसिंह पिता बाबू और गौतम पिता सुखराम, तीनों निवासी मांडव के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और वाहन चालक का नियंत्रण कैसे बिगड़ा, इसकी जांच की जा रही है।