
नईदुनिया प्रतिनिधि, धार : धार की ऐतिहासिक भोजशाला में मंगलवार को नियमित सत्याग्रह के दौरान श्रद्धा और जयघोष का माहौल रहा। भोजशाला के गर्भगृह को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। मां वाग्देवी की स्तुति और हनुमान चालीसा के पाठ के बीच जैसे ही जय मां वाग्देवी और जय हनुमान का जयघोष हुआ, पूरा भोजशाला परिसर गूंज उठा।
सत्याग्रह में बड़ी संख्या में हिंदू समाज के लोग शामिल हुए। इस अवसर पर विश्व हिंदू परिषद पश्चिम बंगाल, उड़ीसा, सिक्किम, अंडमान निकोबार के क्षेत्रीय संगठन मंत्री सोहन सोलंकी भी पहुंचे। भोज उत्सव समिति के सदस्यों ने उनका स्वागत और सम्मान किया।
सत्याग्रह के दौरान सोहन सोलंकी ने कहा कि पवित्र धरा पर कभी नमाज नहीं पढ़ी जाए। बहुत सालों तक परिसर में नमाज होती थी, इससे बहुत दुख होता था, लेकिन वर्षों के संघर्ष के बाद नमाज होना बंद हो गई। ये हिंदू समाज की सत्य की जीत है। भोजशाला कोई भवन नहीं, बल्कि हमारी भावना है।
ये भारत का इतिहास है, भारत की संस्कृति है। ज्ञान की नदी मां सरस्वती जो भारत में बहती थीं, ये उसी ज्ञान की धारा बहने वाली भोजशाला है। उन्होंने कहा कि भोजशाला को लेकर 1994 में जो भावना थी, वैसे ही भावना आज भी धार जिलेवासियों की इससे जुड़ी हुई है।
उन्होंने कहा कि उज्जैन के महाकाल, ओंकारेश्वर और भोजशाला ये त्रिवेणी है। उज्जैन में मां शिप्रा, ओंकारेश्वर में नर्मदा और धार की भोजशाला में मां सरस्वती विराजमान हैं। ये ज्ञान, शक्ति और भक्ति का संगम है। भोजशाला में जब सरस्वती लोक बनेगा तो धारा नगरी को गौरवपूर्ण वातावरण मिलेगा।
सोलंकी ने कहा कि यह जो सत्याग्रह चल रहा है, ये साधारण नहीं है। यह एक शक्ति है। धार जिले के सभी हिंदू समाज के लोग भोजशाला में मां वाग्देवी के आगे माथा टेकें, मां की आराधना करें और हनुमान जी की भक्ति करें। जो ऐसा करेगा, वह कभी अपने परिवार, समाज और देश से अलग नहीं हो सकता।
उन्होंने कहा कि मंगलवार के दिन एक घंटा मां वाग्देवी की आराधना के लिए दीजिए। इससे पूर्ण विजय का जो संकल्प बाकी है, उसे हासिल किया जा सकता है। लंदन से मां वाग्देवी की मूर्ति वापस लाना है, तब जाकर पूर्ण विजय का संकल्प पूरा होगा। उन्होंने कहा कि भारत के विद्वान सभी यहां भोजशाला में आकर भारत के ज्ञान की वृद्धि करते थे। वह स्थान फिर से प्रज्वलित हो और यहां फिर से ज्ञान की धारा बहे।
सोलंकी ने मां वाग्देवी के प्रति भक्तों की श्रद्धा, समर्पण और त्याग के लिए सभी धार जिलेवासियों को प्रणाम करता हूं। लोग कहते थे कि हिंदू समाज संगठित नहीं हो सकता और अपने लक्ष्य को कभी प्राप्त नहीं कर सकता, लेकिन धार जिले और भोजशाला ने दुनिया को बताया कि एक जिला भी यदि संगठित होता है तो अपने लक्ष्य को प्राप्त कर सकता है।
यह भी पढ़ें- भोजशाला में सड़क पर नमाज पढ़ने के लिए बिछा रहे थे बरसाती, प्रशासन ने रोका, फिर गूंजा हनुमान चालीसा का पाठ