
नईदुनिया प्रतिनिधि, धार : भोजशाला का इतिहास, राजा भोज का गौरव और मां वाग्देवी की प्रतिमा की वापसी का संकल्प....इन भावनाओं को इस बार दीपावली पर रंगों के जरिए धार की धरा पर उतारा गया। भोजशाला परिसर में बनी विशाल रंगोली में 1010 ईस्वी से लेकर 1902 तक के ऐतिहासिक प्रसंगों को क्रमवार उकेरा गया।
इसमें राजा भोज के राज्याभिषेक से लेकर भोजशाला के निर्माण, यहां की ज्ञान परंपरा, आक्रमण और मां वाग्देवी की प्रतिमा को लंदन ले जाने तक की कहानी दिखाई गई। करीब सवा क्विंटल रंगों से तैयार इस रंगोली को बनाने में 10 कलाकारों ने लगातार 24 घंटे मेहनत की और 20 बाय 30 फीट की आकर्षक रंगोली बनाई गई। महाराजा भोज उत्सव समिति की ओर से आयोजित दीपावली मिलन समारोह में रंगोली के माध्यम से भोजशाला की मुक्ति और गौरवशाली परंपरा की पुनर्स्थापना का संदेश दिया गया।
रंगोली में केवल इतिहास ही नहीं, बल्कि हिंदू समाज की वर्तमान मांग और भावनाएं भी शब्दों में सामने आईं। इसमें लिखा गया-''रंग लाया संघर्ष हमारा....किंतु विजय अधूरी है....मां के मंदिर में अब माता की प्रतिमा बहुत जरूरी है।'' इस संदेश के जरिए भोजशाला में मां वाग्देवी की प्रतिमा की पुनर्स्थापना की मांग को प्रमुखता से रखा गया। समिति ने समाज में फैली कुरीतियों को दूर करने और सांस्कृतिक विरासत के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश भी दिया।
आयोजन के दौरान एसपी सचिन शर्मा ने जहां पर रंगोली बनाई गई थी, वहां पर मां वाग्देवी की आरती की गई। दीपावली मिलन समारोह के अवसर पर भोजशाला स्थित मां वाग्देवी के गर्भगृह में दीप प्रज्ज्वलित किए गए। दीपों की सुनहरी रोशनी से पूरा दरबार जगमगा उठा।
दीपमालाओं की आभा और भक्तिमय वातावरण ने परिसर को विशेष आकर्षण दिया। हर ओर फैली रोशनी के बीच श्रद्धालुओं ने मां वाग्देवी के प्रति अपनी आस्था प्रकट की। दीपों की ये जगमगाहट ज्ञान, संस्कृति और परंपरा के उजाले का संदेश देती नजर आई। भोज उत्सव समिति ने लोगों से आह्वान किया कि वे प्रत्येक मंगलवार को सूर्योदय से सूर्यास्त तक परिवार और मित्रों के साथ भोजशाला पहुंचकर सत्याग्रह में सहभागिता करें।
रंगोली बनाने की यह परंपरा 2003 में शुरू हुई थी। 2003 में भोजशाला मुक्ति आंदोलन के लिए जनजागरण को बढ़ावा देने के लिए शुरूआती की गई थी। तब से लेकर हर साल यह आयोजन निरंतर हो रहा है।
यह भी पढ़ें- भोजशाला में सड़क पर नमाज पढ़ने के लिए बिछा रहे थे बरसाती, प्रशासन ने रोका, फिर गूंजा हनुमान चालीसा का पाठ