
नईदुनिया प्रतिनिधि, बदनावर। धार जिले के कानवन के पास शनिवार आधी रात एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार कार चला रहे ड्राइवर को झपकी आने के कारण वाहन अनियंत्रित हो गया। कार सड़क किनारे पेड़ से इतनी जोर से टकराई कि उसे उखाड़ते हुए खाई में जा पलटी। हादसा इतना गंभीर था कि दो युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घायलों में तीन की हालत गंभीर बताई गई है।
घटना शनिवार रात करीब 12 बजे कानवन थाना क्षेत्र में कानवन से कुछ दूर होटल नींबू मिर्ची के सामने हुई। कार क्रमांक एमपी 42 जेडएफ 3109 में छह युवक सवार थे। सभी इंदौर से सांवरियाजी जा रहे थे। इसी दौरान कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई और खाई में पलट गई।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। कार में सवार युवक अंदर फंस गए। सूचना मिलते ही टोल प्लाजा की एंबुलेंस, 108 एंबुलेंस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। बचाव दल ने काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे युवकों को बाहर निकाला। ड्राइवर अंकुर सीट में बुरी तरह फंस गया था, जिसे निकालने में काफी प्रयास करना पड़ा।
हादसे में ड्राइवर अंकुर (30) और रोहित कुमार (32), दोनों निवासी शाजापुर, की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, मिथिलेश पिता अमर बहादुर निवासी भागीरथपुरा, मोहित पिता हरिनारायण पंवार, दिगक्षेण कुमार और हिमांशु पिता ज्ञानेश्वर, सभी निवासी इंदौर, घायल हुए हैं। घायलों की उम्र करीब 30 से 32 वर्ष बताई गई है। चारों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए इंदौर रेफर किया गया। इनमें से तीन की हालत गंभीर बताई गई है।
हादसे की सूचना पर कानवन पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनाक्रम की जानकारी जुटाई। पुलिस ने मर्ग कायम कर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। परिजनों के पहुंचने के बाद रविवार को दोनों मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। प्रारंभिक जानकारी में ड्राइवर को झपकी आने की बात सामने आई है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें- रीवा में न्यूक्लियर प्लांट पर सियासी घमासान, उमंग सिंघार बोले- नहीं लगने दूंगा प्लांट, तहसीलदार को लगाई फटकार