
नईदुनिया न्यूज, टांडा (धार) । समीपस्थ ग्राम कालीदेवी में कल्याणी महिला का अपहरण कर दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार ग्राम कालीदेवी में स्कूल फलिया की कल्याणी महिला ने अपने जीजा सहित अन्य लोगों पर घर से कथित रूप से अपहरण कर जंगल में ले जाकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है।
पीड़िता की अनुसार तीन अगस्त रात करीब 11:30 बजे वह अपने पुत्र के साथ घर के आंगन में सो रही थी। इसी दौरान उसका जीजा व अन्य साथी बाइकों से उसके घर पहुंचे। सभी ने उसे जबरन उठाकर बाइक पर बैठाने का प्रयास किया।
शोर सुनकर सास, ससुर एवं ननद जाग गए और बीच-बचाव किया, लेकिन आरोपिताें ने उनके साथ गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी। आरोपित महिला को जबरन नरवाली की ओर जंगल में ले गए, जहां अन्य लोग लौट गए, लेकिन जीजा ने महिला को रातभर अपने कब्जे में रखा व उसके साथ दो बार दुष्कर्म किया। विरोध करने पर मारपीट की गई।
चार अगस्त की सुबह उसके ससुराल एवं मायके के लोग तलाश करते हुए जंगल पहुंचे, जिन्हें देखकर आरोपित फरार हो गया। इसके बाद स्वजन महिला को थाने लेकर पहुंचे, जहां उसने शिकायत दर्ज कराई। थाना प्रभारी संजय रावत ने बताया कि प्रकरण दर्ज कर लिया है। आरोपिताें की तलाश की जा रही है। शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा।
बदनावर : यहां चमाररूंडा मोहल्ले में शराब के नशे में आरोपितों ने फरियादी के साथ लकड़ी और पत्थर से मार कर झगड़ा किया। फरियादी तेजालाल पुत्र हिंदू की रिपोर्ट पर लाखन पुत्र हिंदू सोनगरा और संजय पुत्र सोहन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। इसमें बताया कि मैं हाट बाजार में किराने की दुकान लगाता हूं।
घटना दिनांक की सुबह मेरा पड़ोसी लाखन व संजय शराब के नशे में मेरा नाम लेकर गालीगलौज कर रहे थे तो मैंने पूछा कि गाली क्यों दे रहे हो, तो बोले कि यहां से निकलकर देख और लकड़ी व पत्थर से मारपीट कर चोट पहुंचाई। आवाज सुनकर मेरी पत्नी, लड़का और बहू आए, तो उनके साथ भी थप्पड़-मुक्कों मारपीट की। अस्पताल जाकर इलाज कराया, फिर रिपोर्ट की।