
नईदुनिया प्रतिनिधि, डिंडौरी। जिले के मेंहदवानी थाना अंतर्गत ग्राम मटियारी रैयत के हाथीघाट ददरा में अज्ञात महिला का अधजला शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
ग्रामीणों ने सोमवार दोपहर को ददरा में शव पड़ा देखा और तुरंत इसकी सूचना कोटवार और पुलिस को दी। शव पूरी तरह से अधजला अवस्था में है और उसकी पहचान करना मुश्किल हो रहा है।
ग्रामीणों के बताए अनुसार शव एक 25 से 35 वर्ष की महिला का लग रहा है। घटनास्थल जंगल से लगा हुआ सूनसान इलाका है, जहां अक्सर लोगों का आना-जाना कम होता है।
घटना की जानकारी मिलते ही मेंहदवानी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित कर पंचनामा कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने आसपास के ग्रामीणों से भी पूछताछ की है।
प्रारंभिक तौर पर यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि महिला की मौत हत्या है, आत्महत्या है या किसी अन्य कारण से हुई है। शव को जलाने की कोशिश की गई है या हादसे में जली है, यह भी जांच का विषय है।
थाना प्रभारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वाड को भी मौके पर बुलाया गया है। महिला की पहचान के लिए आसपास के थानों में गुमशुदगी की रिपोर्ट भी खंगाली जा रही है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
इस घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि हाथीघाट ददरा क्षेत्र में पहले भी इस तरह की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। महिला की पहचान और मौत के कारणों का पता चलने के बाद ही मामले का खुलासा हो सकेगा।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में नए न्याय कानूनों के अनुरूप ढल रही विधि शिक्षा, पाठ्यक्रम से प्रशिक्षण तक हुआ यह बदलाव