
नईदुनिया प्रतिनिधि, डिंडौरी शहपुरा। गांव में एक दिन पहले हुए बच्चों के विवाद ने इतना बड़ा रूप ले लिया कि एक व्यक्ति ने रात के अंधेरे में दीवार कूदकर पोस्टमैन के घर में घुसकर उसकी बाइक को आग के हवाले कर दिया। घटना शहपुरा थाना क्षेत्र के मानिकपुर गांव की है।
पीड़ित पोस्टमैन कैलाश प्रसाद झारिया ने गांव के ही शंकर पांडे पर बाइक जलाने का आरोप लगाया है। घटना 11 नवंबर की रात करीब 8:45 बजे की बताई जा रही है। पुलिस ने गुरुवार को एफआईआर दर्ज कर आरोपित की तलाश शुरू कर दी है।
कैलाश प्रसाद के मुताबिक, विवाद की जड़ 10 नवंबर को हुई एक छोटी सी कहासुनी थी। उस दिन शंकर पांडे के भतीजे रवि पांडे और कैलाश के बेटे अंकित झारिया के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। मामला बढ़ता देख गांव के लोगों ने बीच-बचाव कर दोनों पक्षों को समझाया और मामला वहीं शांत करा दिया था। गांव वालों को लगा था कि बात खत्म हो गई, लेकिन अगले ही दिन इस विवाद ने खतरनाक मोड़ ले लिया।
कैलाश ने पुलिस को बताया कि 11 नवंबर की रात शंकर पांडे बाउंड्री वॉल कूदकर उनके घर के पोर्च में आ गया। पहले वह घर के अंदर गया और कैलाश की पत्नी सुदामा बाई से कैलाश के बारे में पूछा। सुदामा बाई ने बताया कि कैलाश सो रहे हैं।
इसके बाद आरोपित बाहर पोर्च में आया और खड़ी बाइक की पेट्रोल पाइप खोल दी और उसमें आग लगा दी। देखते ही देखते बाइक धू-धू कर जलने लगी। आरोपित मौके से भाग गया।
सुदामा बाई ने बताया कि आग की लपटें देखकर उन्होंने अपने पति को जगाया। शोर सुनकर मोहल्ले के लोग भी जमा हो गए। लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक बाइक का पिछला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका था। इसके बाद डायल 112 पर फोन कर पुलिस को बुलाया गया।
गुरुवार सुबह कैलाश ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। थाना प्रभारी अनुराग जामदार ने बताया कि मामला दर्ज कर आरोपित की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि विवाद को लेकर ही आग लगाने की आशंका है। गांव में इस घटना के बाद तनाव का माहौल है, वहीं पीड़ित परिवार दहशत में है।
यह भी पढ़ें- अब कटेगा अधिकारियों का वेतन: भोपाल में 14,661 नामांतरण अटके, कमिश्नर ने कहा- '15 दिन में निपटाएं'