
नईदुनिया प्रतिनिधि, डिंडौरी गोरखपुर। जिले के गोपालपुर चौकी पुलिस ने हिट एंड रन वारदात से जुडे हुए दो महत्वपूर्ण आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पहला आरोपी गोपालपुर चौकी प्रभारी अतुल हरदहा की साेने की चेन और जैकेट लूटने वाला था। आरोपी को पुलिस ने चौकी प्रभारी की जैकेट पहने ही पकड़ा।
चार पहिया वाहन से हिट एंड रन वारदात को अंजाम देने वाले मुख्य आरोपी सुरजीत मरावी 25 वर्ष निवासी करौंदी को भी गिरफ्तार करने में भी सफलता मिली है।
दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। गौरतलब है कि ग्राम झनकी में 23 अक्टूबर की देर शाम साप्ताहिक बाजार के दिन आरोपी सुरजीत द्वारा चार पहिया वाहन से कई लोगों को रौंद दिया गया था।
एक की जहां मौके पर मौत हो गई थी, वहीं गंभीर रूप से घायल पुरषोत्तम पंद्राम निवासी ग्राम बिट्ठलदेह की जबलपुर मेडिकल अस्पताल में सोमवार की शाम मौत हो गई। दो अन्य लोग इस मामले में गंभीर हैं, जिनका उपचार जबलपुर में ही चल रहा है।
दुर्घटना के बाद ग्रामीणों को समझाने पहुंचे चौकी प्रभारी अतुल हरदहा को पीटने और चेन, जैकेट लूटने का मामला सामने आया था। चौकी प्रभारी की पिटाई सहित उनकी चेन लूटने वाले गणेश उर्फ पिंटू प्रधान 23 वर्ष निवासी ग्राम परसवाह को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।
चौकी प्रभारी से लूट और मारपीट के मामले में छह नामजद और 15-20 अन्य आरोपी हैं। चौकी प्रभारी की लगभग दो तोला की सोने की चेन उनको विवाह में ससुराल से मिली थी। इलाज अभी जबलपुर में चल रहा है।
आरोपी ड्राइवर की पुलिस को वारदात के बाद से ही तलाश थी। वारदात के बाद से ही नामजद और संदेही आरोपित गांव से गायब हैं। पुलिस उनकी तलाश करने में जुटी है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में शराब के लिए दो हजार रुपये मांगे, नहीं देने पर एक ने पकड़ा, दूसरे ने चाकू मारा; तीसरे ने चलाई गोली