
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। शराब पीने के लिए दो हजार रुपये देने से मना करने पर तीन बदमाशों ने एक युवक पर चाकू से कई वार किए, फिर गोली मार दी।
वारदात में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। लार्डगंज पुलिस ने आरोपितों के विरुद्ध हत्या के प्रयास का प्रकरण दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, सुपर मार्केट गंजीपुरा निवासी तरुण मिरगे उर्फ अनुपम (26) सोमवार रात अपने दोस्त आशु साहू के साथ बड़ा फुहारा से समोसे लेकर मोपेड से लौट रहा था।
दोनों साहू मोहल्ला पहुंचे, तभी सत्या सिंह राजपूत, सत्यम साहू और वीरू संग्राम ने उन्हें रोक लिया। तीनों ने शराब पीने के लिए दो हजार रुपये मांगे। तरुण के मना करने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
आरोप है कि वीरू संग्राम ने तरुण को पकड़ लिया, जबकि सत्यम साहू ने उस पर चाकू से कई वार किए। इसके बाद सत्या सिंह राजपूत ने गोली चला दी, जो तरुण के पैर में लगी। वारदात के बाद तीनों आरोपित मौके से भाग निकले।
चाकू के वार और गोली लगने से तरुण खून से लथपथ हो गया। उसे तत्काल निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां भर्ती कर उसका उपचार किया जा रहा है। पुलिस ने मामले में हत्या के प्रयास की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें- अब काउंटर पर भी बीमा का विकल्प, यात्रा के दौरान आप भी ले सकते हैं मात्र 45 पैसे में 10 लाख रुपये तक का लाभ