डिंडौरी के ग्राम जल्दा मुड़िया के ग्रामीणों का चक्का चाम, सड़क के डामरीकरण को लेकर किया प्रदर्शन, मौके पर पहुंचे अधिकारी
जिले के जनपद अमरपुर अंतर्गत ग्राम जल्दा मुड़िया के ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की मांग को लेकर शनिवार की सुबह डिंडौरी से मंडला मार्ग पर चक्का जाम कर दिय...और पढ़ें
Publish Date: Sat, 19 Sep 2026 02:36:38 PM (IST)Updated Date: Sat, 19 Sep 2026 04:03:12 PM (IST)
डिंडौरी में जल्दा मुड़िया के ग्रामीणों ने किया चक्का जाम, नईदुनियाHighLights
- जल्दा मुड़िया के ग्रामीणों ने किया चक्का जाम
- सड़क के डामरीकरण की मांग को लेकर प्रदर्शन
- मौके पर पहुंचा पुलिस और ट्रैफिक पुलिस अधिकारी
नईदुनिया प्रतिनिधि, डिंडौरी। जिले के जनपद अमरपुर अंतर्गत ग्राम जल्दा मुड़िया के ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की मांग को लेकर शनिवार की सुबह डिंडौरी से मंडला मार्ग पर चक्का जाम कर दिया। सूचना मिलते ही कोतवाली, यातायात पुलिस बल मौके पर पहुंच गया और ग्रामीणों को समझाइए दी जा रही है।
गौरतलब है कि, ग्राम जल्दा मुड़िया के ग्रामीण पिछले कई महीनो से डिंडौरी मंडला मुख्य मार्ग से गांव होते हुए इमलई-धनवासी तक लगभग 7 किलोमीटर कच्चे रास्ते के डामलीकरण की मांग करते आ रहे हैं।
मांग पर ध्यान न दिए जाने के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और शनिवार की सुबह करीब 6 बजे ग्रामीण मुख्य मार्ग पर आ गए और चक्का जाम कर दिया।
कई बार दे चुके हैं आवेदन
ग्रामीणों ने बताया कि, समस्या के समाधान के लिए कई बार आवेदन दिया जा चुका है। डिंडौरी मण्डला, मुख्य मार्ग से कोटवार टोला जल्दा मुड़िया में पक्की सड़क नहीं होने के कारण बरसात के दिनों बहुत समस्याओं का सामना करना पड़ता है।
सोसायटी भवन और ग्राम पंचायत भवन, प्राथमिक स्कूल, माध्यमिक स्कूल बरसात के समय आने जाने में समस्या झेलनी पड़ती है। सोसायटी से राशन भी समय पर नहीं मिल पाता है। समय पर विद्यार्थी और शिक्षक स्कूल नहीं पहुंच पाते हैं।
गर्भवती महिलाओं को अस्पताल पहुंचाना चुनौती
ग्रामीणों ने बताया कि, पक्की सड़क के अभाव में ग्रामीणों को हर समय परेशानियों का सामना करना पड़ता है। गर्भवती महिलाओं को प्रसव के समय सही समय में अस्पताल ले जाने के लिए साधन भी नहीं मिल पाता है। चक्का जाम के दौरान मार्ग के दोनों तरफ छोटे बड़े वाहनों के पहिए थम गए है।