
नईदुनिया प्रतिनिधि, डिंडौरी : कोतवाली अंतर्गत ग्राम बहेरा माल में एक सितंबर को खेत में 65 वर्षीय वृद्ध महिला के अंधे हत्याकांड का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। खेत में पानी छोड़ने की बात पर आरोपी और मृतिका के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद पत्थर पटककर वृद्ध महिला की आरोपी द्वारा हत्या कर दी गई थी। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश के जेल भेज दिया गया है।
पुलिस ने बताया कि कमलाबाई बनवासी पति ढोलीलाल बनवासी उम्र 65 वर्ष एक सितंबर की सुबह लगभग 10 बजे प्रतिदिन की तरह अपने घर से धनवासी बहेरा रोड तिराहा के पूर्व दिशा में पहाडी के नीचे स्थित अपने खेत पर निदाई करने के लिए अकेले गई थी।
परिजनों के अनुसार महिला रोज शाम लगभग छह बजे तक घर वापस आ जाती थी, लेकिन उस दिन वह शाम सात बजे तक घर वापस नहीं आई। इसके बाद परिजनों ने गांव बस्ती सहित आसपास पडोस में महिला की तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चला। परिजन धनवासी बहेरा रोड तिराहा के पूर्व दिशा पहाडी के नीचे खेत में रात लगभग आठ बजे पहुंचे तो उन्होंने देखा की कमलाबाई बनवासी अपने खेत में मृत अवस्था में पड़ी थी। उसके सिर में चोट लगी थी और पूरे चेहरे खून था। महिला की मौत एक सितंबर की सुबह 10 बजे से रात आठ बजे के बीच होना बताया गया है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी को ज्युडिशियल रिमांड पर न्यायालय पेश किया गया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस अधीक्षक आशीष खरे के मार्गदर्शन और कोतवाली प्रभारी दुर्गा प्रसाद नगपुरे के नेतृत्व में की गई कार्रवाई में एसआई मुकेश बैरागी, एएसआई केशलाल मरावी, प्रवीण खम्परिया, प्रधान आरक्षक विनोद माहौर, रोहित पटेल, सतेन्द्र डहेरिया, महिला आरक्षक लकी मिश्रा शामिल रही।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में महिला पटवारी का SDM पर गंभीर आरोप; 'बंधक बनाकर छीना मोबाइल, व्हॉट्सएप खंगाल कर दी नौकरी खाने की धमकी'