
नईदुनिया प्रतिनिधि, डिंडौरी। जिले के मेहंदवानी वन परिक्षेत्र के जंगल में एक हाथी पिछले कुछ दिन से विचरण कर रहा है। हाथी कान्हा से आना बताया जा रहा है। अभी तक हाथी द्वारा नुकसान करने की बात सामने नहीं आई है।
बुधवार की सुबह हाथी द्वारा 55 वर्षीय एक किसान को घायल कर देने का मामला सामने आया है। गंभीर रूप से घायल किसान को वन अमले द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मेहंदवानी में भर्ती कराया गया।
जानकारी में बताया गया कि मंगल सिंह निवासी वन ग्राम डोभी बुधवार की सुबह अपने खेत में काम कर रहा था। सुबह लगभग साढ़े 6.30 बजे के आसपास एक जंगली हाथी ने उस पर पीछे से हमला कर दिया।
वन अमले ने बताया कि हाथी के हमले में किसान मंगल सिंह के हाथ, पैर में फ्रैक्चर है। साथ ही कमर में चोट भी आई है। सामुदायिक स्वास्थ केंद्र में प्राथमिक इलाज के बाद किसान को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। इस घटना को लेकर ग्रामीणों ने पंचनामा भी बनाया है।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार पिछले तीन चार दिन से वन ग्राम डोभी सहित आसपास के जंगल में हाथी घूम रहा है। किसान को घायल करने की घटना सामने आने के बाद से क्षेत्र में भय का माहौल नजर आ रहा है। इस संबंध में वन परिक्षेत्र मेहंदवानी अमले द्वारा ग्रामीणों को सतर्क किया जा रहा है। ग्रामीणों को अकेले जंगल भी जाने की भी समझाइश दी जा रही है।
यह भी पढ़ें- चौकी प्रभारी का चेन लुटेरा उन्हीं की जैकेट पहने गिरफ्तार, डिंडौरी में हिट एंड रन केस से जुड़े तार