
नईदुनिया प्रतिनिधि , गोरखपुर डिंडौरी। छत्तीसगढ़ के हाथियों ने एक बार फिर जिले में दस्तक दे दी है। चार हाथियों के दल के आने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई है। हाथियों ने एक मकान तोड़ दिया है। ग्रामीणों को पक्के मकान में रहने की समझाइश दी जा रही है।
संभावित गांवों में मुनादी कराकर ग्रामीणों को अलर्ट किया गया है। जिले के करंजिया विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत खम्हारखुदरा के वनग्राम अम्हादादर में छत्तीसगढ़ के जंगलों से चार हाथियों का दल बुधवार की रात जिले की सीमा में प्रवेश कर गया।
हाथियों के द्वारा जिले के पश्चिम करंजिया वन परिक्षेत्र अंतर्गत वनग्राम अम्हादादर में राजकुमार पिता गुलाब मरकाम के घर को सुबह चार बजे तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया गया। जब हाथियों ने मकान तोड़ा, तब घर के लोग दहशत में आ गए। शोर सुनकर आसपास के लोग भी जाग गए।
गनीमत रही कि इस घटना में किसी को जनहानि नहीं हुई। मकान में रखा अनाज और घरेलू सामान नष्ट हो गया। पीड़ित परिवार को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया है। जिले के दूसरे क्षेत्र समनापुर और मेहदवानी वन परिक्षेत्र में झुंड से अलग होकर एक हाथी विगत 20 दिनों में क्षेत्र में दहशत फैला रहा है।
इस हाथी के हमले से अब तक दो लोगों की मौत हो चुकी है जबकि एक गंभीर रूप से घायल है। मंडला- डिंडोरी जिले के सीमावर्ती गांव में यह हाथी लगातार चुनौती बना हुआ है। एक दूसरा झुंड जिले में दस्तक देने से वन विभाग की चुनौती दो गुना बढ़ गई है।
जानकारी लगते ही वन विभाग के अमले द्वारा आसपास के गांव में मुनादी कराकर लोगों को अलर्ट किया गया है। ग्रामीणों को सुरक्षित स्थान पर रहने की समझाइश दी जा रही है। वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी सक्रियता से लगे हुए हैं। इस बार किसी ग्रामीण को हाथी निशाना न बनाएं, इसके लिए विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि रात के समय घर से बाहर न निकलें। हाथियों को देखने के लिए भीड़ न लगाएं। हाथियों को भगाने का प्रयास न करें। कच्चे मकानों में न रहें और पक्के मकानों में ही सोएं। खेतों में रखी फसलों की रखवाली के लिए रात में खेत पर न जाएं।
ग्रामीणों से मिली जानकारी अनुसार हाथियों का यह दल छत्तीसगढ़ से चलकर केंद्राबहरा के रास्ते से डिंडौरी जिले के करंजिया विकासखंड में प्रवेश किया है। हाथियों के आमद ने ग्रामीणों को फिर से चिंता में डाल दिया है। उन्हें कच्चे मकानों में न रहने की समझाइश दी जा रही है।
यह भी पढ़ें- Weather Update: दो दिन तक बारिश में भीगेगा जबलपुर, तीन साल बाद नवंबर में बदलेगा मौसम; किसानों को सलाह