
नईदुनिया प्रतिनिधि, डिंडौरी। कैश ऑन डिलीवरी के 16 लाख 48 हजार रुपये गबन का आरोप फिलपकार्ट कंपनी के हब इंचार्ज पर लगा है। कंपनी के डिंडौरी के कर्मचारी की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने संबंधित पर मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि कंपनी के हब इंचार्ज कनेक्ट इंडिया समनापुर तिराहा डिंडौरी में पदस्थ देवेंद्र कुमार धूमकेती पिता मोहन सिंह धूमकेती उम्र 27 साल निवासी ग्राम रयपुरा की लिखित शिकायत पर आरोपी रितुराज सिंह बरगाही निवासी सोहागपुर शहडोल तत्कालीन हब इंचार्ज कनेक्ट इंडिया कंपनी डिंडौरी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि शिकायतकर्ता देवेंद्र कुमार धूमकेती कनेक्ट इंडिया ई सर्विसेस प्रायवेट लिमिटेड कंपनी के डिंडौरी हब में पिछले करीब एक साल से शॉर्टर के रूप में पदस्थ था और वह 11 नवंबर 2026 से हब इंचार्ज के रूप में कार्य कर रहा है।
कंपनी कनेक्ट इंडिया द्वारा फिलपकार्ट के पैकेजों की अंतिम चरण तक डिलीवरी के लिये विभिन्न स्थानीय शाखाओं का संचालन किया जाता है। इस प्रक्रिया में डिलीवरी कर्मचारियों द्वारा ग्राहकों से कैश ऑन डिलीवरी नकद राशि ली जाती है। इस राशि को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार एयरटेल पेमेंट बैंक के माध्यम से फिलपकार्ट के खाते में जमा की जाती है।
आरोप है कि रितुराज सिंह बरगाही निवासी सोहागपुर शहडोल के डिंडौरी शाखा में हब प्रभारी के पद पर कार्यरत रहते कैश ऑन डिलीवरी की राशि के उचित रखरखाव, निर्धारित प्रक्रिया अनुसार बैंक में जमा कराने सहित संबंधित रिकाॅर्ड के सही संधारण के लिये जिम्मेदार था।
फिलपकार्ट द्वारा डिंडौरी कार्यालय को सूचना दी गई थी कि 29 सितंबर 2026 से 14 अक्टूबर 2026 की अवधि के दौरान डिंडौरी हब से कैश ऑन डिलीवरी की राशि लगभग सोलह लाख रुपये फिलपकार्ट के खाते में जमा नहीं हुई है, जबकि कनेक्ट इंडिया के आंतरिक परिचालन रिकाॅर्ड में उक्त राशि की रेमिटेंस प्रक्रिया पूर्ण दर्शाई गई थी।
एयरटेल पेमेंट बैंक की जमा पर्चिया भी अपलोड की गई थी। इसके बाद कनेक्ट इंडिया द्वारा आंतरिक मिलान और जांच की गई जिसमें 14 लाख 98 लाख 680 रुपये कम पाए गए इसके अतिरिक्त 16 अक्टूबर 2026 को रितुराज सिंह बरगाही द्वारा कथित रूप से डेढ़ लाख रुपये कैश ऑन डिलीवरी की राशि प्राप्त करने के बाद फिलपकार्ट के खाते में जमा नहीं कराए गए।
बताया गया कि इस तरह 16 लाख 48 हजार 680 रुपये की कैश ऑन डिलीवरी की राशि फिलपकार्ट के खाते में जमा नहीं करने पर रितुराज सिंह बरगाही से जानकारी लिये जाने का प्रयास किया गया, लेकिन 17 अक्टूबर 2026 से वे ड्यूटी से अनुपस्थित है।
यह भी पढ़ें- मंदाकिनी में बिना उपचारित सीवेज बहने पर एनजीटी सख्त, चित्रकूट के 103 प्रतिष्ठानों को नोटिस