
डिंडौरी, नईदुनिया प्रतिनिधि। डिंडौरी जिले में पिछले दो दिनों से जारी मूसलाधार बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। भारी बारिश के चलते नदी-नाले उफान पर हैं। नर्मदा नदी में बाढ़ आने से जबलपुर-अमरकंटक मार्ग पिछले 1 घंटे से बंद है। जोगी टिकरिया पुल पानी में डूब गया है, जबकि जिला मुख्यालय का पुल भी डूबने की कगार पर है। जिला मुख्यालय से शहडोल मार्ग भी सुबह से ही बंद है, यहां भी पानी पुल के ऊपर आ गया है।
बजाग, करंजिया जनपद क्षेत्र में भी एक सैकड़ा से अधिक गांवों का संपर्क जनपद और जिला मुख्यालय से टूटा हुआ है। यहां भी स्थानीय नदियां उफान पर हैं। जिला मुख्यालय सहित अमरकंटक, बजाग और करंजिया क्षेत्र में तेज बारिश का दौर लगातार जारी है।
ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क संपर्क टूट गया है और कई गांवों में पानी घरों में घुसने लगा है। प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों के किनारे न जाने की अपील की है। घाटों में पुलिस बल भी तैनात किया जा रहा है। साथ ही नर्मदा नदी किनारे बसाहट क्षेत्र को खाली करने के निर्देश दिए गए हैं।
लगातार हो रही अत्यधिक वर्षा को देखते हुए कलेक्टर अंजू पवन भदोरिया के निर्देश पर विद्यार्थियों एवं बच्चों की सुरक्षा के लिए आज जिले के समस्त शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों, CBSE, नवोदय, केंद्रीय विद्यालय और अनुदान प्राप्त संस्थाओं में नर्सरी से कक्षा 12वीं तक के लिए एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है। जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में भी आज अवकाश रहेगा। हालांकि शिक्षक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका और अन्य कर्मचारी अपने कार्यस्थल पर उपस्थित रहेंगे।
अत्यधिक वर्षा के कारण आज करंजिया जनपद में आयोजित होने वाला जन विश्वास अभियान कैम्प भी स्थगित कर दिया गया है। प्रशासन ने बताया कि मौसम सामान्य होने पर नई तिथि घोषित की जाएगी।
भू-संसाधन प्रबंधन कार्यालय से प्राप्त दैनिक वर्षा की जानकारी के अनुसार पिछले 24 घंटे में जिले में रिकॉर्ड बारिश हुई है। 26 सितंबर को जिले में कुल 650.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जिसका औसत 92.9 मिमी है। सबसे ज्यादा बारिश बजाग में 143.0 मिमी दर्ज की गई। इसके अलावा डिंडौरी में 93.2 मिमी, अमरपुर में 96.3 मिमी, समनापुर में 89.0 मिमी, करंजिया में 80.0 मिमी, शहपुरा में 64.4 मिमी और मेहदवानी में 84.3 मिमी वर्षा हुई।
डिंडौरी जिले की सामान्य औसत बारिश 1404.8 मिमी है। 1 जून से 26 सितंबर तक कुल 8236.1 मिमी वर्षा हो चुकी है, जिसका औसत 1176.6 मिमी है। दीर्घ सामान्य वर्षा की तुलना में अब तक 83.74 प्रतिशत वर्षा हो चुकी है। गत वर्ष इसी दिन औसतन मात्र 3.9 मिमी बारिश हुई थी, जबकि गत वर्ष की तुलना में इस वर्ष अब तक कुल 5.83 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है।
यह भी पढ़ें- डिंडौरी में 19 लाख से अधिक कीटों को जलाया, पढ़ें 27 साल बाद विभाग ने ऐसा क्याें किया