
नईदुनिया प्रतिनिधि, डिंडौरी शहपुरा। शासकीय मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय शहपुरा के पूर्व प्रभारी प्राचार्य वेदप्रकाश साहू पर लगे गंभीर आरोपों ने शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
शिकायतकर्ता ने पहली पत्नी के जीवित रहते दूसरा विवाह करने सहित सरकारी अभिलेखों में कथित गड़बड़ी, शिक्षकों से जॉइनिंग के नाम पर 25 हजार रुपये लेने और वर्ष 2005 की नियुक्ति में कथित फर्जी अनुभव प्रमाण पत्र के इस्तेमाल जैसे आरोप लगाए हैं।
शिकायतकर्ता का दावा है कि उसने विभिन्न दस्तावेजों के साथ शिकायत की है। मामला अब जिला स्तर से लेकर भोपाल स्थित लोक शिक्षण संचालनालय डीपीआई तक पहुंचने की बात कही जा रही है।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि वेदप्रकाश साहू ने पहली पत्नी के जीवित रहते और कथित तौर पर बिना कानूनी तलाक लिए दूसरा विवाह किया। इस संबंध में थाना शहपुरा के पुलिस चालान क्रमांक 260/2022 का हवाला देते हुए दावा किया गया है कि पुलिस रिकॉर्ड में विमला बाई के पति के रूप में वेदप्रकाश साहू का नाम दर्ज है। शिकायतकर्ता ने इस पूरे मामले की वैधानिक जांच कराने की मांग की है।
शिकायत में समग्र आईडी क्रमांक 23658729 को लेकर भी कथित अनियमितताओं का आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता का दावा है कि परिवार से संबंधित सरकारी अभिलेखों में बच्चों को गोद लिया हुआ दर्शाने सहित अन्य प्रविष्टियों में विसंगतियां हैं।
इन आरोपों की पुष्टि के लिए संबंधित रिकॉर्ड और दस्तावेजों का सत्यापन कराने की मांग की गई है।मामले का एक गंभीर पहलू शिक्षकों की जॉइनिंग से जुड़ा है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि विद्यालय में शिक्षकों की जॉइनिंग कराने के नाम पर 25 हजार रुपये लिए गए। इसके समर्थन में फोन-पे ट्रांजेक्शन होने का दावा किया गया है। शिकायतकर्ता ने डिजिटल भुगतान की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
पूर्व प्रभारी प्राचार्य की नियुक्ति प्रक्रिया को लेकर भी शिकायतकर्ता ने सवाल उठाए हैं। आरोप है कि कथित फर्जी अनुभव प्रमाण पत्र के आधार पर अतिरिक्त 10 अंक प्राप्त कर नियुक्ति हासिल की गई थी। शिकायत में नियुक्ति के मूल दस्तावेज, अनुभव प्रमाण पत्र, चयन सूची और अंक निर्धारण प्रक्रिया की जांच कराने की मांग की गई है।
शिकायतकर्ता के अनुसार, जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय द्वारा गत दिवस वेदप्रकाश साहू को प्रभारी प्राचार्य के पद से हटाया गया था। वहीं शहपुरा एसडीएम स्तर पर भी मामले की जांच किए जाने की बात कही गई है। इसके बावजूद शिकायतकर्ता का सवाल है कि इतने गंभीर आरोपों और प्रस्तुत किए गए दस्तावेजों की जांच के बाद भी आगे की विभागीय कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट क्यों नहीं है?
शिकायतकर्ता ने स्कूल शिक्षा विभाग, लोक शिक्षण संचालनालय भोपाल, कलेक्टर डिंडौरी, जिला शिक्षा अधिकारी और शहपुरा एसडीएम से पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है।
कलेक्टर मैडम के निर्देशन में इस मामले की जांच अभी चल रही है। संबंधित को भी बुलाया जा रहा है।इसकी जांच रिपोर्ट तैयार कर आगामी कार्रवाई कराई जाएगी।
फरहान जामदार, एसडीएम,शहपुरा
यह भी पढ़ें- जबलपुर में स्कूल परिसर में लगे रतनजोत के बीज खाने से पांच बच्चे बीमार, मेडिकल में भर्ती