
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। स्कूल परिसर में बच्चों की सुरक्षा को लेकर एक गंभीर मामला सामने आया है। सुबह बरगी क्षेत्र के बम्हनी स्कूल में खेल-खेल में पांच बच्चों ने रतनजोत के बीज खा लिए।
कुछ ही देर बाद बच्चों की तबीयत बिगड़ने लगी, जिसके बाद स्कूल में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में सभी बच्चों को उपचार के लिए बरगी के शासकीय चिकित्सालय पहुंचाया गया।
वहां प्राथमिक उपचार के बाद भी स्थिति सामान्य नहीं होने पर पांचों बच्चों को मेडिकल अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उन्हें भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। घटना में बीमार हुए सभी बच्चों की उम्र 8 से 9 वर्ष के बीच बताई जा रही है।
नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल अस्पताल के अधीक्षक डॉ अरविंद शर्मा के मुताबिक, बच्चों की तबीयत रतनजोत के बीज खाने के कारण बिगड़ी थी। फिलहाल सभी बच्चों का उपचार जारी है और उनकी स्थिति स्वस्थ बताई गई है। समय रहते बच्चों को अस्पताल पहुंचाए जाने से उन्हें चिकित्सा सुविधा मिल सकी।
जानकारी के अनुसार, बम्हनी स्कूल में बच्चे खेल रहे थे। इसी दौरान उन्होंने रतनजोत के बीज खा लिए। बच्चों को इस बात का अंदाजा नहीं था कि ये बीज खाने से उनकी तबीयत बिगड़ सकती है। बीज खाने के बाद जब पांचों बच्चों की हालत खराब होने लगी तो स्कूल प्रबंधन और आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। बच्चों को तत्काल अस्पताल ले जाने की व्यवस्था की गई।
पहले सभी बच्चों को बरगी के शासकीय चिकित्सालय में उपचार के लिए पहुंचाया गया। लेकिन उनकी स्थिति सामान्य नहीं होने पर चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए मेडिकल अस्पताल भेज दिया। मेडिकल में बच्चों को भर्ती कर उपचार शुरू किया गया। अस्पताल प्रशासन के अनुसार बच्चों को पीडियाट्रिक वार्ड में रखा गया है। फिलहाल सभी बच्चे स्वस्थ हैं और चिकित्सकीय निगरानी में हैं।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में नशे में धुत युवती का हंगामा, पुलिस और राहगीरों से की बदतमीजी; तमाशा देखने जुटी भीड़