
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। महाधिवक्ता कार्यालय में लाॅ आफिसर्स की नियुक्ति प्रक्रिया की पारदर्शिता और निष्पक्षता को चुनौती देने वाले मामले में हाई कोर्ट ने नए आमंत्रण और परिणामी चयन प्रक्रिया पर रोक लगाने संबंधी अंतरिम आवेदन पर आदेश सुरक्षित कर लिया है।
हाई कोर्ट बार एसोसिएशन, जबलपुर के पूर्व संयुक्त सचिव अधिवक्ता योगेश सोनी की ओर से अधिवक्ता दिनेश कुमार उपाध्याय ने पक्ष रखा। याचिकाकर्ता ने लंबित याचिका में महाधिवक्ता कार्यालय में ला आफिसर्स की नियुक्तियों में मनमानी, भेदभाव और पारदर्शी चयन प्रणाली के अभाव का आरोप लगाया है।
इसी बीच जबलपुर, इंदौर, ग्वालियर और नई दिल्ली में अपर महाधिवक्ता, उप महाधिवक्ता, शासकीय अधिवक्ता तथा उप शासकीय अधिवक्ताओं की नियुक्ति के लिए 16 से 28 नवंबर तक नए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
अंतरिम आवेदन में कहा गया है कि 28 फरवरी 2013 के गजट में नियुक्तियों के लिए व्यावसायिक अनुभव, योग्यता, अभ्यास की अवधि, चरित्र और प्रतिष्ठा जैसे मानदंड निर्धारित हैं, लेकिन नए आमंत्रण में इनके तुलनात्मक व वस्तुनिष्ठ मूल्यांकन की पद्धति स्पष्ट नहीं है।
याचिकाकर्ता ने चयन प्रक्रिया अंतिम करने और नियुक्ति आदेश जारी करने पर रोक लगाने तथा मूल्यांकन संबंधी अभिलेख न्यायालय में प्रस्तुत करने का आग्रह किया है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में मर्जी से नहीं दौड़ पाएंगे ई-रिक्शा और ऑटो, अब रंग से ही रूट की होगी पहचान