
नईदुनिया प्रतिनिधि, डिंडौरी गोरखपुर। जिले के गोपालपुर चौकी अंतर्गत ग्राम झनकी में शुक्रवार की देर शाम साप्ताहिक बाजार के दौरान हिट एंड रन का मामला सामने आने के बाद बेकाबू आरोपियों ने समझाइश देने पहुंचे चौकी प्रभारी की वर्दी फाड़ने के साथ दौड़ाकर पीटने की वारदात को अंजाम दिया गया।
चौकी प्रभारी अतुल हरदहा ने किसी तरह खेतों की ओर भागकर अपनी जान बचाई। वारदात के दूसरे दिन शनिवार को चौकी प्रभारी की शिकायत पर करंजिया थाना में छह नामजद सहित 15-20 अज्ञात के विरुद्ध गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज हुआ है।
ग्राम मनकी निवासी वाहन मालिक संतोष साहू का पूरा परिवार डर के मारे रात भर घर से गायब रहा। उग्र भीड़ उनके घर में भी आग लगाने की धमकी दे रही थी।
नईदुनिया से चर्चा के दौरान वाहन मालिक के परिजन उर्मिला साहू व विमला साहू ने बताया कि उनके वाहन की चाबी जबरन ग्राम करौंदी निवासी सुरजीत ले गया था। संबंधित युवक उनके यहां ट्रैक्टर चलाता है। शनिवार को वापस महिलाएं घर लौटीं।
इस दुर्घटना में जहां एक की मौत हुई है वहीं चार अन्य घायल हुए हैं। गौरतलब है कि चौकी प्रभारी अतुल हरदहा की पहचान एक कर्मठ प्रभारी के तौर पर जानी जाती है। वे लंबे समय तक अमरपुर के साथ विक्रमपुर चौकी में भी प्रभारी की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। आरोपियों के विरुद्ध पुलिस अब कडी कार्रवाई करने की तैयारी में है।
गोपालपुर चौकी के प्रभारी की जिम्मेदारी शुक्रवार को ही एसआई अतुल हरदहा ने संभाली थी। झनकी में दुर्घटना की सूचना मिलने पर वे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर लोगों को समझा रहे थे, उसी दौरान भीड़ ने उन पर ही हमला कर दिया।
शिकायतकर्ता चौकी प्रभारी अतुल हरदहा ने बताया कि 23 अक्टूबर को शाम 6.45 बजे उन्हें ग्राम झनकी में सड़क दुर्घटना की सूचना मिली थी। सूचना पर वे स्टाफ सहायक उपनिरीक्षक गोविंद मरावी, कांस्टेबल किशन शर्मा, कांस्टेबल मौसम भासंत, गोपनीय सैनिक हरिहर धुर्वे, 36वीं वाहिनी बटालियन के कांस्टेबल देवेश तिवारी और ओंकार तिवारी को लेकर मौके पर पहुंचे थे।
मौके पर पता चला कि ग्राम झनकी में उत्तम सिंह धुर्वे की एक्सीडेंट में मौत हो गई है और तीन व्यक्ति नर्मदा मरावी निवासी ग्राम झनकी, विवेक पेंद्राम और पुरषोत्तम पेंद्राम दोनों निवासी बिट्ठलदेह घायल हैं।
शिकायत में उन्होंने बताया कि भीड़ दुर्घटना करने वाले वाहन क्रमांक एमपी 52 जेडए 3745 को आग लगाने की बात कह रही थी। जब उन्होंने भीड़ को समझाकर आग लगाने से मना किया तो भीड़ उग्र हो गई।
इस मामले में पुलिस ने आरोपी पिंटू पेंद्राम निवासी ग्राम दमहेड़ी राजेंद्रग्राम जिला अनूपपुर, गोपेन्द्र चंदेल, जितेन्द्र चंदेल, योगेश चंदेल, रोहित तेकाम सभी निवासी ग्राम झनकी के साथ सुभाष वालरे निवासी ग्राम विट्ठलदेह और 15 से 20 अन्य अज्ञात लोगों पर मामला दर्ज किया है।
आरोप है कि सभी ने एक राय होकर पुलिस टीम को घेर लिया, आरोपियों ने चौकी प्रभारी को मां बहन की गंदी-गंदी गालियां दीं, जान से मारने की धमकी दी और शासकीय कार्य में बाधा डालते हुए मारपीट की।
आरोपी सुभाष वालरे द्वारा वर्दी फाड़ दी गई। रोहित तेकाम द्वारा डंडे से मारा गया। सभी ने वाहन में आग लगा दी। आरोपियों ने संतोष साहू की कार पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी, जिससे कार पूरी तरह जल गई।
झनकी वाली घटना में अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध मामला दर्ज करने के साथ चौकी प्रभारी की शिकायत में छह नामजद और 15-20 अज्ञात पर मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है इस मामले में पहचान कर पुलिस आवश्यक कार्रवाई करेगी। किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने का अधिकार नहीं है।
विवेक गौतम, एसडीओपी बजाग।
यह भी पढ़ें- हाई कोर्ट का महत्वपूर्ण फैसला : कानूनी अभिभावक नहीं होने पर नानी कर सकती है नातिन के भरण-पोषण का दावा