
नईदुनिया प्रतिनिधि, डिंडौरी। जिले के शहपुरा स्थित शासकीय मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में प्रभारी प्राचार्य पर शिक्षक से निजी गाड़ी चलवाने और जॉइनिंग के नाम पर रिश्वत लेने का गंभीर आरोप लगा है। कलेक्टर ने 6 नवंबर को जांच के आदेश दिए थे। शहपुरा एसडीएम द्वारा इस मामले की जांच की जा रही है।
शहपुरा एसडीएम ने बताया कि संबंधित प्राचार्य जांच में सहयोग नहीं कर रहा है। एक-दो दिन में जांच रिपोर्ट तैयार हो जाएगी। शिक्षक विनोद कुमार साहू का ट्रांसफर जबलपुर से डिंडौरी हुआ था।
आरोप है कि स्कूल में जॉइनिंग के लिए उनसे 20 हजार रुपए मांगे गए। यह मांग प्रभारी प्राचार्य वेदप्रकाश साहू और कंप्यूटर ऑपरेटर चंद्रशेखर साहू ने की।
दावा है कि कंप्यूटर ऑपरेटर प्राचार्य का भांजा है। आरोप है कि एक दूसरे शिक्षक से भी 5 हजार रुपये मांगे गए। दोनों शिक्षकों से कुल 25 हजार रुपये की रिश्वत लेने का आरोप है। बताया गया कि रकम किसी तीसरे शख्स के बैंक खाते में ट्रांसफर करवाई गई।
रिश्वत के आरोपों तक ही मामला सीमित नहीं है। शिक्षक विनोद कुमार साहू ने और भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि प्रभारी प्राचार्य उन्हें बच्चों को पढ़ाने से रोकते थे। उनसे अपनी निजी गाड़ी चलवाते थे। अपने पिता के इलाज के लिए शिक्षक को ड्राइवर बनाकर जबलपुर ले जाते थे।
शिक्षक का आरोप है कि प्रभारी प्राचार्य रात 8 बजे एम शिक्षा मित्र एप पर लॉगआउट करवाते थे। स्कूल में फर्जी हाजिरी लगाने का आरोप भी पीड़ित शिक्षक ने लगाया है। स्कूल की अटेंडेंस व्यवस्था भी सवालों के घेरे में है।
प्रभारी प्राचार्य वेदप्रकाश साहू की खुद की नियुक्ति भी विवादों में रही है। आरोप है कि उन्होंने एक गैर अनुदान प्राप्त स्कूल का फर्जी अनुभव प्रमाण पत्र लगाया था। इसके जरिए उन्हें 10 अतिरिक्त अंक मिले थे। आरोप है कि इसके बावजूद सांठगांठ कर उन्होंने नियुक्ति हासिल कर ली।
विनोद कुमार साहू का आरोप है कि जब उन्होंने प्राचार्य के निजी काम करने से इनकार किया, तो उन्हें परेशान किया जाने लगा। कारण बताओ नोटिस थमा दिया गया। उनके खिलाफ झूठे आरोप लगाए गए। शिक्षक ने इसकी शिकायत कलेक्टर से की। जनसुनवाई में सबूत भी सौंपे। कलेक्टर ने तीन सदस्यीय जांच कमेटी बनाई। लेकिन अब तक कार्रवाई के नाम पर प्राचार्य को सिर्फ प्रभार से हटाया गया है। इसके बाद से वो मेडिकल लीव पर हैं।
इस मामले की अभी जांच चल रही है। संबंधित प्राचार्य को कई बार बुलाया गया, लेकिन वह नहीं आ रहा है। जांच में वह सहयोग भी नहीं कर रहा है। उसके विरुद्ध वारंट जारी कर उसे बुलाया जाएगा। एक-दो दिन में जांच रिपोर्ट तैयार करके कलेक्ट्रेट भेज दी जाएगी, जो भी दोषी होंगे उनके विरुद्ध कार्रवाई होगी।
जामदार फरहान इरफान, एसडीएम शहपुरा
यह भी पढ़ें- जबलपुर में एक ही साड़ी के फंदे में लटकी मिली 10 वर्षीय बेटी के साथ मां, छत से लौटे बेटे ने देखा तो मचा हड़कंप