
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। गोहलपुर थाना क्षेत्र में बुधवार को एक ही साड़ी के दो अलग-अलग फंदों पर मां और उसकी 10 वर्षीय बेटी के शव लटके मिले।
घटना के वक्त घर में मौजूद 11 वर्षीय बेटा छत से नीचे लौटा, तो मां और बहन को फंदे पर लटका देखकर उसकी चीख निकल गई। उसकी आवाज सुनकर पहुंचे पड़ोसियों ने तुरंत पुलिस और स्वजनों को सूचना दी। गोहलपुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
अमखेरा के नर्मदा नगर में पेशे से प्लंबर मनीष कुशवाहा, पत्नी, बेटी और बेटे के साथ रहता है। वह सुबह काम पर निकल गया। घर पर पत्नी अंजना ओर दोनों बच्चे थे। दोपहर तक सब कुछ ठीक था।
बेटा विकास खेलते हुए घर की छत पर गया। कुछ देर बाद जब वह नीचे लौटा, तो कमरे में मां और बहन के शव फंदे पर लटके मिले। मां-बहन को इस अवस्था में देखकर वह रोने लगे। उसकी आवाज सुनकर जब आसपास के लोग पहुंचे तो घटना का पता चला।
पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पुलिस अंजना कुशवाहा (40) और बेटी मुस्कान (10) के शव का पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार घटना के कारण स्पष्ट हो सकेगा।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में दोस्त से मिलने के लिए हॉस्टल से भागे दो छात्र, परिवार वालों ने स्कूल पहुंचकर किया हंगामा