
नईदुनिया प्रतिनिधि, डिंडौरी। जिला मुख्यालय सहित अंचलों में हुई बारिश के चलते नर्मदा नदी का जलस्तर मंगलवार की सुबह बढ़ा नजर आया।
जिला मुख्यालय में नर्मदा नदी के डेम घाट में स्थित छोटे-बड़े मंदिर पानी में डूबे नजर आए। गौरतलब है कि जिले में सोमवार की शाम से बारिश का दौर शुरू हो गया था, जो लगभग पूरी रात जारी रहा।
कभी रिमझिम तो कभी तेज बारिश के चलते अंचलों में भी क्षेत्रीय नदी, नालों का जलस्तर बढ़ गया। जिले के बजाग, करंजिया, समनापुर क्षेत्र में भी तेज बारिश के चलते सहायक नदियों का भी जल स्तर बढ़ गया।
बारिश के कारण खेतों में लबालब पानी भर जाने से किसान भी धान का रोपा लगाने में जुटे नजर आए हैं। मौसम में ठंडक आने से तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है।
जिले भर में एक जून से अब तक कुल 472 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की जा चुकी है, जबकि पिछले वर्ष इस अवधि में 836 मिलीमीटर बारिश हो चुकी थी।
जिले की वार्षिक औसत सामान्य बारिश 1404.8 मिमी है। इस वर्ष अब तक जिले की वार्षिक सामान्य वर्षा की तुलना में महज 33.59 प्रतिशत बारिश हुई है।
पिछले वर्ष की तुलना में 40.344 प्रतिशत कम बारिश हुई है। जिले की वार्षिक सामान्य वर्षा 1404.8 मिलीमीटर है। जिले में पिछले 24 घंटे में 24.7मिलीमीटर औसत बारिश हुई है।
यह भी पढ़ें- हाई कोर्ट लीगल सर्विसेज कमेटी, जबलपुर की सचिव से दो दिन के भीतर व्यक्तिगत हलफनामे के साथ जवाब मांगा