नईदुनिया प्रतिनिधि, डिंडौरी: शहर में चोरी के वारदात लगातार बढ़ते जा रहे हैं। अज्ञात चोरों ने शनिवार रात पुरानी डिंडौरी इलाके में एक सूने मकान को अपना निशाना बनाया है। यह मकान कृषि विभाग के एसडीओ की है। पीड़ित ने थाने में चोरी की शिकायत दर्ज कराई है।
जानकारी के अनुसार चोरी पुरानी डिंडौरी के वार्ड क्रमांक 14 में हुई है। यहीं पर कृषि विभाग के एसडीओ का घर है, जो कि सूना पड़ा था। बीती रात अज्ञात चोरों ने ताला तोड़कर नगदी सहित लाखों के सोने चांदी के जेवरात पार कर दिए। सुबह आसपास के लोगों ने घर का ताला टूटा हुआ देखा तो इसकी सूचना पुलिस को दी।
घटना की सूचना पर रविवार की सुबह कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस की टीम ने चोरी मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मालिक ने पुलिस को बताया कि चोरों ने घर के भीतर खड़ी बाइक भी चुरा लिया है। दरअसल, घर के मालिक एसडीओ मान सिंह परस्ते पूरे परिवार के साथ अपने गांव गए हुए थे। इसकारण घर पर ताला जड़ा हुआ था। जिसका फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।
यह भी पढ़ें: Jabalpur News: नाबालिग को नोएडा ले जाकर शादी का स्वांग रचा और किया दुष्कर्म, डिलीवरी के बाद हुआ खुलासा
मान सिंह ने बताया कि उन्हें चोरी की खबर सुबह पड़ोसी ने फोन पर दी। जिसके बाद वह आनन-फानन में अपने गांव से लौटे। पीड़ित ने कोतवाली में अज्ञात चोरों के खिलाफ चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। चोरों ने क्या-क्या सामान उड़ाया है और कितने की चोरी हुई है, इसकी कोई जानकारी नहीं मिली है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।