
नईदुनिया प्रतिनिधि, डिंडौरी। चार पहिया वाहन में अवैध शराब तस्करी में शहडोल के दो व डिंडौरी के एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से 50 हजार की देशी व अंग्रेजी शराब, मोबाइल सहित चार पहिया वाहन पुलिस ने जब्त किया है।
कोतवाली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर जेल बिल्डिंग के पीछे की कार्रवाई की है। आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर जेल बिल्डिंग के पीछे बायपास रोड मे लकड़ी टाल के पास सफेद रंग की कार क्रमांक एमपी 18 जेडएफ 3825 को घेराबंदी कर रोका गया। कार मे तीन व्यक्ति सवार थे।
पुलिस ने कार ड्राइवर नूतेद धार्या व कुमार शानू गुप्ता, वार्ड क्रमांक 32 बलपुरवा कुदरी रोड केशव नगर सोहागपुर, शहडोल और भूपत दास टांडिया निवासी ग्राम उमरिया सक्का डिंडौरी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
कार में अलग-अलग कार्टून में रखी 60 लीटर बियर, 18 लीटर व्हिस्की, 14.400 लीटर स्पेशल रम, 8.280 लीटर रम को मिलकर कुल 100.68 लीटर शराब जब्त की है।
शराब परिवहन में उपयोग की जा रही एक सफेद रंग की टाटा टिगोर कार क्रमांक एमपी 18 जेडएफ 3825 भी जब्त की गई है। कार के सामने व पीछे के कांच में अंग्रेजी से प्रेस लिखा हुआ है।
आरोपियों के कब्जे से 27 हजार कीमत के दो मोबाइल भी जब्त किए गए है। मोबाइल की फोटो गैलरी में शराब का हिसाब किताब लिखी पर्चियों की फोटो भी मिले है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में भंडारे में बाइक धीरे चलाने की नसीहत पर बवाल, लाठी-डंडों और चाकू से हमला; आठ लोग घायल