गुना में 8 साल की मासूम को टॉफी का लालच देकर पिलाई शराब, दो बच्चों के पिता ने किया दुष्कर्म का प्रयास
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने बच्ची को जबरन शराब पिलाई और उसके साथ गलत काम करने का प्रयास किया। बच्ची को खाने की चीज दिलाने का लालच देकर कुएं के पास ले जा...और पढ़ें
Publish Date: Sat, 03 Oct 2026 09:19:34 PM (IST)Updated Date: Sat, 03 Oct 2026 09:19:34 PM (IST)
प्रतीकात्मकHighLights
- बच्ची को खाने की चीज दिलाने का लालच देकर ले गया आरोपी
- डरा-धमकाकर शराब पिलाने और दुष्कर्म के प्रयास का आरोप
- शिकायत पर पॉक्सो एक्ट सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज
नईदुनिया प्रतिनिधि, गुना। जिले के सिरसी थाना क्षेत्र अंतर्गत एक गांव में 8 वर्षीय मासूम बालिका के साथ दुष्कर्म के प्रयास की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। आरोपी गांव का ही दो बच्चों का पिता है, जो मासूम को दुकान से खाने-पीने की चीज दिलाने का लालच देकर अकेले में ले गया। वहां उसने बच्ची को डरा-धमकाकर शराब पिलाई और फिर दुष्कर्म का प्रयास किया।
इसी बीच किसी राहगीर की आहट सुनकर आरोपी मौके से भाग निकला। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार आरोपी फगन बारेला बालिग है और दो बच्चों का पिता है।
दुकान का लालच देकर एकांत में ले गया आरोपी
दर्ज एफआईआर के अनुसार, घटना दोपहर करीब दो बजे की है। बालिका घर पर अपने छोटे भाई-बहनों के साथ खेल रही थी। उसकी मां जंगल में लकड़ी लेने गई थी, जबकि माता-पिता और दादी मजदूरी पर गए थे।
इसी दौरान गांव का आरोपी फगन बारेला वहां पहुंचा और बच्ची को 100 रुपये के 'पोप्स' (खाने की चीज) दिलाने का झांसा देकर अपने साथ ले गया।
आरोपी मासूम को गांव के पास स्थित नर्सरी के रास्ते पर एक कुएं के पास ले गया और वहीं बैठने को कहकर खुद सामान लेने चला गया।
डरा-धमकाकर पिलाई शराब, फिर की हैवानियत
थोड़ी देर बाद आरोपी सामान लेकर लौटा और बच्ची को दे दिया। इसके बाद उसने पन्नी से शराब की बोतल निकाली और खुद पीने के बाद बच्ची पर भी शराब पीने का दबाव बनाने लगा।
बालिका द्वारा मना करने पर आरोपी ने मार-पीट की धमकी देकर उसे जबरन शराब पिला दी। शाम को जब अंधेरा होने लगा और बच्ची ने घर जाने की जिद की, तो आरोपी ने डरा-धमकाकर उसके कपड़े उतार दिए और गलत काम करने लगा।
रातभर वहीं पड़ी रही मासूम
इसी दौरान पास के रास्ते से किसी व्यक्ति के गुजरने की आहट हुई, जिसे देखकर आरोपी बच्ची को छोड़कर मौके से भाग गया। शराब के असर और डर के कारण बच्ची का सिरदर्द होने लगा और वह वहीं अचेत होकर सो गई।
देर रात नींद खुलने पर वह किसी तरह पैदल अपने घर पहुंची और सो गई। अगली सुबह नींद खुलने पर मासूम ने अपनी मां और दादी को पूरी घटना की जानकारी दी, जिसके बाद परिजन उसे लेकर थाने पहुंचे।
परिजनों की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट एवं संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। आरोपी घटना के बाद से फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।- विवेक अष्ठान, एसडीओपी