
नईदुनिया प्रतिनिधि, गुना। जिले की झागर चौकी अंतर्गत बेरखेड़ी गांव में मंगलवार-बुधवार दरमियानी रात चोरी के इरादे से घर में घुसे बदमाशों ने दहशत फैला दी। मासूम बच्ची को बंधक बनाकर जान से मारने की धमकी देकर रुपयों की मांग की। लेकिन स्वजन व ग्रामीणों के जुटने पर फायरिंग कर दी।
छर्रे लगने से तीन लोग घायल हो गए, जिनमें से एक गंभीर घायल को प्राथमिक उपचार के बाद भोपाल रेफर किया गया है। ग्रामीणों ने बहादुरी दिखाते हुए बदमाशों से दो बंदूकें छीन लीं। हालांकि, वे नकदी लेकर भागने में सफल रहे।
जानकारी के अनुसार बेरखेड़ी गांव निवासी वीरेंद्र धाकड़ मंगलवार रात परिवार के साथ सो रहे थे। रात करीब दो बजे हथियारबंद बदमाश घर में घुस आए। आहट होने पर परिवार की एक महिला की नींद खुल गई, जिसने तुरंत अन्य सदस्यों को जगा दिया। इस पर बदमाशों ने परिवार की एक बच्ची को पकड़ लिया और धमकी दी कि यदि रुपये और सामान नहीं दिया, तो बच्ची को गोली मार देंगे। इस बीच परिवार के सदस्यों ने शोर मचाकर और फोन के माध्यम से आसपास के ग्रामीणों को सूचना दी।
इधर, ग्रामीणों को आता देख और खुद को घिरता पाकर बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। गोली के छर्रे लगने से तीन लोग घायल हो गए, जिनमें रंजीत धाकड़, वीरेंद्र धाकड़ और मोहन मोंगिया शामिल हैं। लेकिन ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए बदमाशों को घेरकर उनकी दो बंदूकें छीन लीं, लेकिन बदमाश घर की अलमारी से 45 हजार रुपये नकदी के साथ अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में कामयाब रहे। स्वजनों के अनुसार बदमाशों की बोली व भाषा से उनके पारदी समुदाय से जुड़े होने का अंदेशा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया। दो घायलों की हालत सामान्य है, जबकि एक घायल को ज्यादा छर्रे लगने के कारण प्राथमिक उपचार देकर भोपाल रेफर कर दिया गया। इस संबंध में चौकी प्रभारी अनिल कदम ने बताया कि आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है। इसके साथ ही आरोपितों की धरपकड़ के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। जल्द आरोपितों को गिरफ्तार किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- इंदौर में कन्याभोज पर मासूमों को बुलाकर पीटा, शिक्षिका पर FIR दर्ज; 500 रुपये चोरी के शक में बनाया था बंधक