
नईदुनिया प्रतिनधि, इंदौर। नवरात्रि के मौके पर 'कन्या भोज' के लिए घर बुलाई गई मासूम बच्चियों के साथ मारपीट और बंधक बनाने के चर्चित मामले में पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है। एमआईजी थाना पुलिस ने आरोपी रिटायर्ड शिक्षिका अनीता के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संगीन धाराओं में मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है। पीड़िता के परिजनों की शिकायत और बढ़ते जनाक्रोश के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कानूनी शिकंजा कस दिया है।
घटना की जानकारी देते हुए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (अडिशनल डीसीपी) राजेश दंडोतिया ने बताया कि पीड़िता के परिजन की शिकायत पर आरोपी महिला के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 127 (गलत तरीके से बंधक बनाना) और धारा 115 (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
उल्लेखनीय है कि मंगलवार को आरोपी पूर्व शिक्षिका ने अपने घर 8 से 11 वर्ष की सात बच्चियों को कन्या भोज के लिए बुलाया था। इस दौरान 500 रुपये का एक लिफाफा गायब होने पर महिला ने मासूमों पर चोरी का आरोप लगाते हुए उनके साथ मारपीट की थी और उन्हें घंटों घर में बंद रखा था।
मामले में तूल पकड़ती अफवाहों के बीच पुलिस अधिकारी ने साफ किया कि मीडिया या सोशल मीडिया पर बच्चियों के कपड़े उतरवाने की जो बातें सामने आ रही थीं, वैसी किसी भी घटना का उल्लेख परिजनों द्वारा दर्ज कराई गई प्राथमिकी (FIR) में नहीं है।
यह भी पढ़ें- यात्रीगण ध्यान दें! कटनी-बीना मेमू पैसेंजर ट्रेनों के रूट और स्टेशनों में बदलाव, दमोह के यात्रियों पर भी पड़ेगा असर
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले की निष्पक्ष जांच के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। साथ ही आसपास के प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सोर्स - पीटीआई