
नईदुनिया प्रतिनिधि, गुना। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की 'सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा' का बुधवार रात आरोन के सनकादिक आश्रम में विश्राम हुआ। इस दौरान नगर में अनूठा नजारा देखने को मिला, जहां नागरिकों ने नगर को रंगीन रोशनी से सजाया और दीपों से रास्ते को रोशन किया। इस दौरान आश्रम में एक आमसभा भी हुई।
सभा की शुरुआत में अभिराज यादव ने अंग्रेजी में स्वागत भाषण देते हुए दिग्विजय सिंह का स्वागत किया। उन्होंने संबोधन में कहा कि सनातन धर्म सिर्फ परंपरा नहीं, बल्कि जीवन दर्शन है और ‘सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा’ सनातन के मूल्यों को आगे बढ़ाने का एक सशक्त माध्यम है। इस मौके पर दिग्विजय सिंह ने कहा कि भाजपा, आरएसएस और विश्व हिंदू परिषद हिंदुत्व के रास्ते पर चलाकर लोगों को गुमराह कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि धर्म हिंदुत्व नहीं है, बल्कि सनातन ही सही धर्म है। सनातन प्रेम और अहिंसा का मार्ग है, जबकि हिंदुत्व नफरत, हिंसा, झूठ और अफवाह का मार्ग है। उन्होंने यह भी कहा कि वोट और नोट चोरी के खिलाफ उन्होंने यह पदयात्रा निकाली है और उन्हें जनता का समर्थन मिल रहा है। इसके साथ ही उन्होंने महंगाई और बेरोजगारी जैसे गंभीर मुद्दों पर भी बात की। यात्रा के आरोन पहुंचने से पहले तमेड़ी, झाझोन, अमरपुरा और शहरोक आदि गांवों के ग्रामीणों ने स्वागत किया।
आरोन जनपद कार्यालय से गुरुवार सुबह ‘सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा’ का शुभारंभ किया गया। इससे पहले धर्मरथ में स्थापित पवित्र नदियों के जल से सुशोभित कलशों, रथ में विराजमान प्रभु श्रीरामलला सरकार और पार्थिव शिवलिंग का पूजन-अर्चन, अभिषेक एवं आरती की गई। इसके बाद कार्यक्रम स्थल पर राष्ट्रध्वज तिरंगा फहराया गया, जिसे पदयात्रियों ने सलामी देते हुए देश की एकता, अखंडता और संविधान की रक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
आयोजकों ने कहा कि यह पदयात्रा लोकतंत्र में मतों की पवित्रता और धार्मिक आस्था के नाम पर एकत्रित किए जाने वाले चंदे व चढ़ावे में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए एक जनजागरण अभियान है। इसका मुख्य लक्ष्य समाज को जागरूक करना है, ताकि न तो लोकतांत्रिक प्रक्रिया में किसी प्रकार की अनियमितता हो और न ही धार्मिक आस्था व श्रद्धालुओं के दान के साथ किसी तरह का खिलवाड़ किया जा सके।
यह भी पढ़ें- छिंदवाड़ा में भाजपा नेता के भाई का रिवॉल्वर लाइसेंस निरस्त, SDM की जांच रिपोर्ट के बाद हुई कार्रवाई